पेज

रविवार, 29 सितंबर 2024

भीलवाड़ा ASO NEWS : इमरजेंसी में जरूरतमंद को रक्तदान किया।

भीलवाड़ा में शिक्षक ने जरूरत मंद को रक्त उपलब्ध कराया।

ASO NEWS / 27/09/2024
शुक्रवार को श्री रामस्नेही हॉस्पिटल भीलवाडा राजस्थान में जरूरतमंद व्यक्ति को ब्लड की आवश्यकता होने पर परिवार जनों ने रक्तवीर श्री धर्मचंद आचार्य को फोन किया। उसी समय धर्मचंद आचार्य ने श्री बबलू बैरवा निवासी भीलवाड़ा को बुलाकर शीघ्र जरूरतमंद व्यक्ति को रक्त उपलब्ध करवाया। रक्त उपलब्ध होने पर परिवार जनों ने बबलू बैरवा और रक्तवीर श्री धर्मचंद आचार्य एवम टीम आचार्य का आभार व्यक्त किया।। 
श्री धर्मचंद आचार्य राष्ट्रीय, राज्य स्तरिय व अनेक सामाजिक संस्थाओं से जुड़कर जरूरतमंद लोगों को रक्त, प्लाज्मा और प्लेटरेट्स निशुल्क उपलब्ध करवा रहे हैं धर्मचंद आचार्य वर्तमान में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय फलोदी पंचायत समिति गंगरार जिला चित्तौड़गढ़ राजस्थान में प्रबोधक लेवल 2 हिंदी के पद पर कार्यरत है और अनेक अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किए जा चुके हैं।।

रविवार, 22 सितंबर 2024

अभियान ग्रामोदय में सांसियों का तला बनेगा पूर्ण साक्षर, साक्षरता किट वितरण कार्यक्रम हुआ आयोजित,

अंगूठे से नही हस्ताक्षर से बनें पहचान :- बोहरा 

महिला मंच ने लिया अंगूठा छोड़ हस्ताक्षर सीखने व सिखाने का संकल्प
बाड़मेर । 17.09.2024 । ASO news barmer 
 राजस्व गांव सांसियों का तला की विभिन्न क्षेत्रों में उन्नति व प्रगति को लेकर पिछले 6-7 वर्षां से अभियान ग्रामोदय के माध्यम से अभियान संयोजक मुकेश बोहरा अमन के नेतृत्व में लगातार जागरूकता कार्यक्रम व गतिविधियां आयोजित हो रही है । जिस कड़ी में मंगलवार को सम्पूर्ण गांव को साक्षर बनाने के संकल्प को लेकर साक्षरता किट वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ । 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नन्दा सिसोदिया ने बताया कि 160 घरों की बस्ती वाले राजस्व सांसियों का तला के हर घर-परिवार को अंगूठे से मुक्ति दिलाकर हस्ताक्षर सीखाने को लेकर मंगलवार को घर-घर साक्षरता किट वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ । कार्यक्रम में अभियान ग्रामोदय के संयोजक व स्टेट अवार्डी मुकेश बोहरा अमन ने उपस्थित महिला मंच की सदस्यों व अन्य महिलाओं को अंगूठा लगाना छोड़कर हस्ताक्षर सीखने के लिए प्रेरित किया गया व उन्हें साक्षरता किट वितरित किये गये । वहीं परिवार में मांसाहार त्याग का संकल्प दिलाया । 
कार्यक्रम में भारती एयरटेल फाउण्डेशन के प्रतिनिधि ओम अंकुर ने भी अपने विचार रखे और महिलाओं व बच्चों को शिक्षा के प्रति सजग करते हुए शिक्षित होने का आह्वान किया । ओम अंकुर ने कहा कि घर में जब महिलाओं साक्षर होना शुरू करेगी तो वे अपने बच्चों की शिक्षा पर भी अच्छा ध्यान दे सकेगी । 

अभियान ग्रामोदय के संयोजक व स्टेट अवार्डी मकेश बोहरा अमन ने कहा कि अंगूठा हमारी निरक्षरता का प्रतीक है, वहीं हस्ताक्षर हमारी नई पहचान बनाते है । हमें अपने गांव को सम्पूर्ण साक्षर बनाने के लिए को अंगूठे को छोड़कर अपना नाम लिखना अर्थात् हस्ताक्षर करना सीखना होगा । अमन ने कहा कि हम अपना नाम लिखना सीखकर बैंक, स्कूल, राशन की दुकान आदि अलग-अलग स्थानों पर अंगूठे की जगह हस्ताक्षर करें। और अपनी नई पहचान बनायें । साक्षरता किट वितरण के कड़ी में प्रथम दिवस 15 घरों में साक्षरता किट वितरित किये गये । 

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश बोहरा अमन, ओम अंकुर, शिक्षक डालूराम सेजू, रिया शर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नन्दा सिसोदिया, साजन, रामूड़ी, ममता, रानी, सुनीता, चमेली सहित स्थानीय महिलाएं व बच्चे उपस्थित रहे । 

ASO NEWS BARMER 

उत्तम स्वास्थ्य के लिए उत्तम स्वच्छता बेहद जरूरी :- बोहरा

स्वच्छता रैली व शपथ का कार्यकम हुआ आयोजित, परिवेश को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प
बाड़मेर । 19.09.2024 । ASO NEWS BARMER 
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत् गुरूवार को ग्राम पंचायत मरटाला गाला व अभियान ग्रामोदय की ओर से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, सांसियों का तला में सरपंच प्रतिनिधि लालाराम मूंढ़ व स्टेट अवार्डी शिक्षक मुकेश बोहरा अमन के नेतृत्व में स्वच्छ भारत रैली एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित हुआ । जिसके माध्यम विद्यालय के बच्चों को स्वच्छता के प्रति सजग कर शपथ दिलाई गई । 

ग्राम विकास अधिकारी ईश्वरलाल ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के तहत् आयोजित स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सांसियों का तला, मरटाला गाला में सरपंच प्रतिनिधि लालाराम मूंढ़, स्टेट अवार्डी शिक्षक मुकेश बोहरा अमन एवं पंचायत लिपिक श्रीमति निर्मला की उपस्थिति में स्वच्छ भारत रैली एवं स्वच्छता शपथ का कार्यक्रम आयोजित हुआ । जिसमें आमजन व विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति सजग किया गया । कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई ।
मुकेश बोहरा अमन ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति सजग करते हुए कहा कि उत्तम स्वास्थ्य के लिए हमें उत्तम स्वच्छता रखनी पड़ेगी। घर, परिवेश आदि को स्वच्छ रखने ही हमारे जीवन में समृद्धि का आगमन होगा। अमन ने कहा कि हम सब देश के सजग नागरिक बनकर अपने देश को स्वच्छ व सुन्दर बनाएं । 

सरपंच प्रतिनिधि लालाराम मूंढ़ ने बच्चों को कहा कि हम हर जगह को स्वच्छ बनाना है । इसकी शुरूआत अपने घर व स्कूल से करनी है । स्वच्छता को जीवन में एक अच्छी आदत तरह अपनाना है । 

कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि लालाराम मूंढ़, स्टेट अवार्डी शिक्षक मुकेश बोहरा अमन, ग्राम विकास अधिकारी ईश्वरलाल, पंचायत लिपिक श्रीमती निर्मला सहित विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित रहे । 

ASO NEWS BARMER 

ब्लॉक स्तरीय साईंस एंड मैथ विज़ार्ड प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

भारती एयरटेल फाउण्डेशन की ओर से हुआ आयोजन, विजेताओं को किया सम्मानित, 
बाड़मेर । 20.09.2024 । ASO NEWS BARMER 

पीएमश्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय स्टेशन रोड़ बाड़मेर में शिक्षा विभाग ओर भारती एयरटेल फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान मे संचालित क्वालिटी सपोर्ट कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को ब्लॉक बाड़मेर ग्रामीण लेवल की साईंस एंड मैथ विज़ार्ड प्रतियोगिता का आयोजन देवाराम चौधरी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बाड़मेर ग्रामीण,भंवरा राम डूडी, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बाड़मेर, देवेंद्र कुमार पाण्डेय कार्यक्रम समन्वयक, सुदीप कुलश्रेष्ठ, स्टेट मैनेजर एवं मोहित शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुआ।

भारती एयरटेल फाउण्डेशन प्रतिनिधि हितेश तिवाड़ी ने बताया कि विज्ञान और गणित मे विद्यार्थियों की रूचि विकसित करने के उद्देश्य से कक्षा 8 के लिए साईंस विजार्ड कक्षा 5 के लिए मैथ विजार्ड प्रतियोगिता कराई गई । ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में कक्षा 8 के साईंस विज़ार्ड के लिए 64 विद्यालय तथा कक्षा 5 हेतु मेथ विज़ार्ड के लिए 82 विद्यालयो के विद्यार्थियों ने भाग लिया । 
साइंस विज़ार्ड में कमलेश , राउप्रावि मनोनियो की ढ़ाणी ने प्रथम स्थान ,भावना , राउमावि ढ़ूंढ़ा ने द्वितीय स्थान ओर चंपाराम , राउमावि नागनेशिया ढ़ूंढ़ा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में दौलत राउप्रावि गेनानियो की ढ़ाणी ,पूजा राउमावि मूलानियो की ढ़ाणी तथा सुरेश राउप्रावि मोतयोनियो का तला को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
इसी क्रम में मैथ विज़ार्ड में दिव्या चौधरी राउमावि मूलानियो की ढ़ाणी ने प्रथम,कार्तिक नामा राउमावि ढ़ूंढ़ा ने द्वितीय ओर जगदीश राउप्रावि हिरोनी पोटलियों की ढ़ाणी तृतीय स्थान किया । जसवंत राउमावि भूरटिया, उर्मिला, राउमावि देवानियो की ढ़ाणी तथा गणेश चौधरी महात्मा गांधी कनोनियो की ढ़ाणी को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
स्कूल स्तर ओर ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को भारती एयरटेल फाउंडेशन के सहयोग से प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
   इस कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका में युगल किशोर जोशी, किशन लाल , व्याख्याता, मेघराज, रामकेश मीणा, नारायण राम,सुनिता सेवदा, जमना चौधरी,सरोज लमोरिया अध्यापिका व भारती एयरटेल फाऊंडेशन टीम से ओम प्रकाश सरगरा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सक्रिय भूमिका निभाई। 
देवाराम चौधरी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, भंवरा राम डूडी,अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भारती एयरटेल फाउंडेशन के कार्य की सराहना की। 

 सुदीप कुलश्रेष्ठ स्टेट मैनेजर भारती एयरटेल फाउंडेशन ने आयोजन के दौरान कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में भागीदारी से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और आगे बढ़ते की भावना विकसित होती है। प्रतियोगिता में मोहित शर्मा, हितेश तिवाड़ी, अकादमिक मेंटर तथा ओम प्रकाश सरगरा , अकादमिक मेंटर, भारती एयरटेल फाउंडेशन ने संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी को सम्भाला।

शनिवार, 21 सितंबर 2024

दो दिवसीय तहसील स्तरीय शिक्षक खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न,

बाड़मेर तहसील स्तरीय शिक्षक खेलकूद सांसियों का तला में हुए आयोजित
बाड़मेर । 21.09.2024 । ASO NEWS BARMER 
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, सांसियों का तला में सीबीईओ कार्यालय, बाड़मेर के मार्गदर्शन में बाड़मेर ब्लॉक की दो दिवसीय तहसील स्तरीय शिक्षक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ । जिसका दूसरे दिन शनिवार को प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ समापन हुआ । 
आयोजन प्रभारी मुकेश बोहरा अमन ने बताया कि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी , ब्लॉक बाड़मेर के आदेशों के तहत् दिनांक 20 सितम्बर से 21 सितम्बर, 2024 तक दो दिवसीय तहसील स्तरीय शिक्षक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ । जिसमें बाड़मेर ब्लॉक के शिक्षकों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया । अमन ने बताया कि दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में फुटबाल, वॉलीबाल, बेडमिटन, शतरंज, एथेलेटिक्स, टेबल टेनिस एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन हुआ । जिसमें निर्णायकों ने निर्णय कर चयन सूची का गठन किया । 
समापन पर स्थानीय विद्यालय की ओर से शारीरिक शिक्षक राजेश जोशी ने समस्त शिक्षा अधिकारियों, निर्णायकों, शारीरिक शिक्षकों व शिक्षकों का आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया । वहीं कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षक व निर्णायक पदमाराम माली ने शानदार व्यवस्थाओं के लिए आयोजन प्रभारी व समस्त टीम का शुक्रिया व धन्यवाद किया । 

प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक रमेश चन्द्र मीणा, जैसाराम धायल, पदमाराम माली, दिनेश खत्री, राजेश जोशी, हिमांशु चौधरी सहित रूपसिंह सोलंकी, राजकुमार जैन, शेराराम हुड्डा, खेताराम पोटलिया, डालूराम सेजू आदि शिक्षकगण उपस्थित रहे । 

ASO news barmer 

शुक्रवार, 13 सितंबर 2024

रिश्तों में मिठास के लिए जरूरी है क्षमा :- कमलप्रभसागर

सामूहिक क्षमापना दिवस कार्यक्रम का हुआ आयोजन, सकल संघ ने किया मिच्छामि दुग्गडम

जैन श्रीसंघ, बाड़मेर की ओर से चतुर्विघ संघ की उपस्थिति में हुआ आयोजन

बाड़मेर । 13.09.2024 । ASO NEWS BARMER 
'‘क्षमा वीरस्य भूषणम्’’ जैन धर्म में क्षमा को सबसे उतम माना गया है । जिसको लेकर शुक्रवार को जैन श्रीसंघ, बाड़मेर की ओर से श्री जिनकान्तिसागर सूरी आराधना भवन में गणिवर्य प. पू. कमलप्रभ सागरजी मसा, प.पू. साध्वीश्री कल्पलताश्री जी मसा व प. पू. साध्वीश्री डॉ. सम्पूर्णयशाश्रीजी मसा आदि ठाणा की पावन निश्रा एवं संघ वरिष्ठ श्रावक, सीए श्री मोहनलाल के मुख्य आतिथ्य में सकल संघ का सामूहिक क्षमापना दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। 

जैन श्री संघ, बाड़मेर के महामंत्री किशनलाल वडेरा ने बताया कि संकल संघ के सामूहिक क्षमापना कार्यक्रम दिवस का आगाज विद्वान संत, गणिवर्य प. पू. कमलप्रभ सागरजी मसा के मुखारविन्द से मंगलाचरण, नवकार स्मरण व समाज के गणमान्य अतिथियों द्वारा तीर्थंकर परमात्मा श्री महावीर स्वामी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम की अगली कड़ी में मुख्य अतिथि संघ के वरिष्ठ श्रावक व सीए मोहनलाल बोहरा, कार्यक्रम में पधारे धाट माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष ताराचन्द भूतड़ा व आरएसएस के विभाग प्रचारक मनोहरलाल बंसल का बहुमान किया गया । कार्यक्रम में साध्वीश्री महतप्रभाश्रीजी मसा ने क्षमा गीतिका प्रस्तुत की वहीं जैन भजन गायक अशोक बोथरा नवकार मंत्र प्रस्तुत किया । 

विद्वान संत, गणिवर्य प. पू. कमलप्रभ सागरजी मसा ने मंगल प्रवचन में कहा कि समाज व परिवार में विभाजन, अलग-अलग होना लम्बे अन्तराल के बाद की एक प्रक्रिया और व्यवस्था है, लेकिन उसमें विवाद की अवस्था बेहद घातक है । हमें इस बात को समझना पड़ेगा । गणिवर्यश्री ने कहा कि जीवन में क्षमा से बढ़कर कुछ भी नही है, जो समस्त प्राणियों के लिए श्रेयस्कर व हितकर हो । रिश्तों में मिठास के लिए क्षमा सबसे कारगर उपचार व दवाई है । क्षमा वर्तमान की समस्याओं का आधारभूत समाधान है । 

कार्यक्रम में साध्वीश्री कल्पलताश्री जी मसा ने कहा कि क्षमापना के वास्तविक स्वरूप को हमें अपने जीवन में उतारना होगा । बिल्कुल विनम्र होकर क्षमा मांगना और क्षमा कर देना ही महावीर की क्षमा का सच्चा स्वरूप होगा । साध्वीश्री ने हमें मन में बंधी राग व द्वेष की गांठों को खोलना होगा । 

कार्यक्रम में साध्वीश्री डॉ. सम्पूर्णयशाश्रीजी मसा ने कहा कि क्षमायाचना को हमें औपचारिकता के आड़म्बर से बचाना होगा । हमें सही मायनों में उत्कृष्ट क्षमा जैसे भाव को जीना होगा और प्राणीमात्र के कल्याण में लगाना होगा । साध्वीश्री ने कहा कि हमें हर स्थिति में क्षमाशील बने रहना है, भले ही सामने वाला बुराई के पथ पर हो , हमें अपना पथ नही छोड़ना है । 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीए मोहनलाल बोहरा ने कहा कि हम सब भगवान महावीर की क्षमावाणी को जीवन में उतारें और अपने जीवन को कल्याण के पथ पर प्रशस्त करें । 


कार्यक्रम में उद्बोधन की कड़ी में जैन श्री संघ, बाड़मेर के अध्यक्ष एउवोकेट अमृतलाल जैन ने संकल संघ का स्वागत करते हुए मिच्छामि दुग्गडम करते हुए अपनी बात रखी । कार्यक्रम में तेरापंथ धर्मसभा की ओर से गौतम बोथरा, स्थानकवासी श्रावक संघ व हाटोवाला समाज की ओर से युवा वक्ता जितेन्द्र बांठिया, अचलगच्छ संध की ओर से जेठमल सिंघवीं, खरतरगच्छ संध की ओर से अशोक धारीवाल व दिगम्बर जैन समाज की ओर से पारस कुमार गंगवाल सहित कई वक्ताओं ने क्षमापना पर अपने-अपने विचार रखें और सबको क्षमाशील बनने का आह्वान किया । 

इसी कड़ी में जौधपुर पार्श्व पदमावती धाम की ओर से चन्दबाला व राष््रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मनोहरलाल बंसल ने भी अपने-अपने प्रखर उद्बोधन प्रस्तुत किये और समसामयिक विशयों पर गौर करने की बात कही । 


कार्यक्रम में जैन श्रीसंघ, बाड़मेर के ट्रस्टी प्रो. सम्पत कुमार जैन ने अपनी बात रखते हुए आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया । कार्यक्रम का संचालन संघ के महामंत्री किशनलाल वडेरा ने किया । जैन श्रीसंघ, बाड़मेर के इस क्षमापना दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सकल जैन समाज के गणमान्य नागरिक व माताएं-बहिनें उपस्थित रहीं । 

ASO NEWS BARMER