एक साल पहले बीकानेर और लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के अधीन 13.50 करोड़ से ट्यूबवेल बनाने के लिए टेंडर हुए, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हो पाया। इस मुद्दे को लेकर लूणकरणसर के भाजपा विधायक सुमित गोदारा अब आंदोलन पर उतर आए हैं।
शुक्रवार को विधायक गोदारा सैकड़ों समर्थकों के साथ रतन बिहारी पार्क में एकत्र हुए। यहां पानी के कैंपर को लेकर विधायक और कोटगेट सीआई के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
उधर, यहां से जुलूस के रूप में रैली कलेक्ट्रेट पहुंची। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
जलदाय मंत्री के खिलाफ नारेबाजी हुई। कलेक्ट्रेट पर समर्थकों को संबोधित करते गोदारा ने कहा, इस बात को लेकर हम कई बार जलदाय मंत्री से मिले लेकिन आगे कोई कार्यवाही नहीं हुई। 17 फरवरी 2020 को विद्युत भवन में आयोजित नहरबंदी की मीटिंग में भी यह बात प्रमुखता से उठाई थी।
तब मंत्री ने 10 दिनों में काम शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन जून बीतने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। 10 मई को विधायकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने लूणकरणसर विधानसभा के लिए भी ट्यूबवेल की अनुशंसा की थी, लेकिन जलदाय मंत्री इस ओर ध्यान नहीं दिया। उधर, कलेक्टर की अनुपस्थिति में विधायक गोदारा ने समर्थकों के साथ एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपा।
पानी के कैंपर पर विधायक और सीआई के बीच तीखी नोकझोंक
रतन बिहारी पार्क में पानी के कैंपर को लेकर लूणकरणसर विधायक सुमित गोदारा और कोटगेट सीआई धरम पूनिया के बीच तीखी नोकझोंक हुई। दोनों ने एक दूसरे को देख लेने तक की चेतावनी दे डाली। हुआ यूं कि विधायक गोदारा ने समर्थकों की प्यास बुझाने के लिए पानी का कैंपर मंगाया था, जो रतन बिहारी पार्क के भीतर था।
सीआई कोटगेट पूनिया वहां पहुंचे और कैंपर हटाने को कहा। इस पर विधायक गोदारा भड़क गए और बोले कि आपका मंत्री पानी देता नहीं, हम पानी कार्यकर्ताओं को पिला रहे हैं तो उसमें भी तकलीफ है। इस पर सीआई ने विधायक से कहा कि इतनी जल्दी तैश में न आया करें। इस पर कहासुनी बढ़ गई और दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने तक की चेतावनी दी।
विधायक गोदारा ने सीआई को अपशब्द तक कह दिए। बात यहीं खत्म नहीं हुई। जब विधायक गोदारा कलेक्ट्रेट पहुंचे और एएसपी से इस बात की शिकायत की तो पूनिया वहीं मौजूद थे। बीच में टोकने लगे। इस पर गोदारा-पूनिया की दोबारा नोकझोंक हो गई।
इधर, सीआई से अभद्रता पर गोदारा का पुतला फूंका
शुक्रवार को रतन बिहारी पार्क में कोटगेट सीआई धर्म पूनिया और लूणकरणसर विधायक सुमित गोदारा के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद शहर का एक तबका विधायक गोदारा के खिलाफ सड़क पर उतरा। विधायक का पुतला फूंका। लोगों का कहना था कि गुरुनगरी में पुलिस जिस तरह पसीना बहाकर लोगों की मदद कर रही है, ऐसे कोरोना योद्धा के साथ विधायक का दुर्व्यवहार निंदनीय है।
पुतला फूंकने वालों में ठण्ठेरा बाजार व्यापार मंडल के सचिव जितेंद्र खत्री, पुष्करणा समाज सेवा समिति के सचिव शिव उपाध्याय, पुष्करणा समाज सेवा समिति उपाध्यक्ष जितेंद्र बिस्सा, मोहल्ला व्यापारियान विकास समिति के शकील अहमद, ऑल इंडिया जमियतुल कुरैश के राष्ट्रीय महासचिव साजिद सुलेमानी कुरैशी, नागौर तेलियान सोसायटी के मजीद खोखर, नागौरी लोहारान वेलफेयर सोसायटी के जाकिर नागौरी, अंजुमन इंतजामिया कमेटी नोगजा पीर दरगाह के अध्यक्ष रमजान कच्छावा, खटीक समाज सेवा समिति के सचिव जाकिर कादरी, शाहरुख कादरी, सिपाही समाज से एड. मोहम्मद असलम, असलम खान, चूनगरान विकास समिति के अध्यक्ष एड. शमशाद अली आदि मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें