देवनगर थाना इलाके के एक दुकानदार से शनिवार रात 9 बजे बदमाशों ने पिस्तौल दिखा 35 हजार रुपए और मोबाइल लूट लिया। दो बाइक पर चार बदमाश आए और आते ही पिस्तौल दिखा धमकी दी। इसके बाद गल्ले में रखे रुपए और मोबाइल लूट भाग गए।
घटना के बाद पुलिस को जैसे ही सूचना मिली तो नाकाबंदी करवाई. लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया। वारदात में दुकान पर पूर्व में काम करने वाले एक कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। जिसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
मामले को लेकर बिजली घर के सामने शास्त्री नगर रहने वाले प्रवीण कुमार पुत्र जगदीश अग्रवाल की ओर से देवनगर पुलिस थाने में रिपोर्ट दी गई। रिपोर्ट में बताया कि उनकी मोटर पार्ट्स की दुकान बॉम्बे मोटर्स चौराहा से 12वीं रोड के बीच में है।
जहां पर 7 अक्टूबर की रात 9 बजे दो बाइक पर चार बदमाश आए और आते ही पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और रुपए और मोबाइल लूट भागे। मामले को लेकर थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि घटना के वक्त आसपास की सभी दुकानें बंद हो चुकी थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।
थानाधिकारी ने बताया कि दुकानदार प्रवीण कुमार के यहां कुछ दिनों पहले एक हेल्पर कार्य करता था। उसे दस बारह रोज पहले ही काम से निकाल दिया था। जाते वक्त उसने दुकानदार को देख लेने की धमकी भी दी थी। इस बारे में पड़ताल की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें