पुष्कर स्थित ब्रह्मा सावित्री वेद विद्या पीठ परिसर में रविवार काे साधु-संतों का सम्मेलन हुआ। विश्व हिन्दू परिषद के चित्तौड़ प्रांत के पदाधिकारियों द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में कई संतों ने भाग लिया।
संतों का मानना है कि अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर में सभी रामभक्तों का सहयोग होना चाहिए। संत समाज इसके लिए तत्पर है।
भीलवाड़ा स्थित हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने कहा कि राजस्थान ही नहीं बल्कि देशभर के साधु संत मंदिर निर्माण को लेकर जनजागरण अभियान चला रहे हैं। गांव-ढाणी तक में आश्रम चलाने वाले संत सक्रिय हैं। वे भी अपने प्रवचनों में श्रद्धालुओं को प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 500 सालाें से मंदिर निर्माण का इंतजार था। इस अवधि में रामभक्तों ने बड़ी संख्या में कुर्बानियां भी दी, लेकिन अब उनका सपना साकार होने जा रहा है। सम्मेलन में कथावाचक दिव्य मुरारी बापू, चिति योग संस्थान की प्रमुख साध्वी अनादि सरस्वती ने भी विचार व्यक्त किए। स्वामी अनादि सरस्वती ने कहा कि मंदिर निर्माण में देश के हर नागरिक की आहूति होनी चाहिए।
सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक और मंदिर निर्माण से जुड़े उमाशंकर ने कहा कि अयोध्या में बनने वाला भव्य मंदिर कोई सरकार अथवा संस्था नहीं बना सकती। इसके लिए रामभक्तों का सहयोग जरूरी है। यही वजह है कि संघ से जुड़े अनेक संगठनों ने जनजागरण अभियान चलाया है। इसके अंतर्गत देश के 51 करोड़ रामभक्तों से संपर्क साधा जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 जनवरी से 1 फरवरी तक देशभर में अभियान चलाकर विभिन्न संस्थाओं, समूह आदि से संपर्क किया जाएगा। इसके अंतर्गत मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग लिया जाएगा। संत सम्मेलन में महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम, निम्बार्क सम्प्रदाय के प्रतिनिधी के रूप में संत मोहनशरण, महामंडलेश्वर एवं श्रीराम कथा वाचक दिव्य मोरारी बापू के सानिध्य में चित्रकूट आश्रम के उपासक संत पाठक महाराज, चित्ती योग संस्थान की उपासक अनादि सरस्वती, अंतरराष्ट्रीय संत कृष्णा नंद महाराज, रमैय्या राम आश्रम के महंत प्रेमदास, गिरिशानंद आश्रण के महंत रामानंद, नांद गाेशाला से समता राम, रामस्नेही आश्रम से संत जगवल्लभ, गुलाबदास आश्रम के राजाराम, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री उमाशंकर शर्मा, धनराज सहित कई नागरिक मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें