शहर में सेामवार से होटल्स, रेस्टोरेंट, क्लब और शॉपिंग मॉल्स खुल जाएंगे। इन्हें केंद्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मानकों के आधार पर व्यवस्थाएं रखनी होंगी। होटल्स, क्लब और रेस्टोरेंट्स चलाने वालों का रविवार का दिन गाइडलाइन की तैयारी में निकल गया। हालांकि इनके सामने कई चैलेंज हैं।
जोधाणा होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स सोसाइटी के अध्यक्ष जेएम बूब ने बताया कि गाइडलाइंस व अतिथि देवो भव: की मानसिकता को ध्यान में रख स्टाफ व गेस्ट के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की हैं, ताकि संक्रमण के खतरे को रोका जा सकेगा। होटल्स में बाथ किट में अब सेनेटाइजर भी जोड़ दिया गया है, वहीं रूम सेनेटाइज के अलावा कई व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।
कार्य करने वालों के मोबाइल में आरोग्य एप इंस्टॉल होना अनिवार्य होगा औरर स्टाफ से पालना करवाने के लिए सुपरवाइजर भी होगा। रेस्टोरेंट्स में अब दाे टेबल के बीच 6 फीट की दूरी रहेगी और एक टेबल पर दाे लाेग ही बैठ सकेंगे। शहर के बड़े मॉल में भी खोलने से पहले का एक दिन तैयारियों में ही बीता।
उम्मेद क्लब में कल से प्रवेश
उम्मेद क्लब में मंगलवार से गतिविधियां शुरू होंगी। क्लब के मानद् सचिव विनय कवाड़ ने बताया कि पहले दिन केवल पैकिंग सुविधा शुरू की जाएगी, जिसका समय दोपहर 12 से रात आठ बजे तक रहेगा। टेनिस, बैडमिंटन, स्क्वैश, बिल्यिर्डस, टेबल टेनिस के खेल होंगे, जिनका समय सुबह 6 से 10.30 बजे व शाम 5 से रात 8 बजे का होगा।
दाेनाें बार सभी जगहों को सेनेटाइज किया जाएगा। अध्यक्ष अनिल भंसाली ने बताया कि सदस्यों काे आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा। वाहन परिसर से बाहर ही पार्क होंगे। गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग हाेगा। हैंड, बैग और स्पोर्टस किट भी सेनेटाइज होंगे। सदस्य काे क्लब के रजिस्टर में एंट्री के साथ स्वयं घोषणा प्रपत्र भी भरना हाेगा। सरकार और प्रशासन के दिशा निर्देशों का भी पालन करना होगा। आगामी समय में बार, तरणताल, जिम व अन्य सुविधाओं को शुरू किया जाएगा।
होटल्स ,खाली होते ही रूम होगा सेनेटाइज
- बाथ किट में सेनेटाइजर व मास्क भी मिलेगा व यह किट गेस्ट के साथ बदल जाएगा। चाहे अनयूज्ड भी हो।
- रूम खाली होते ही रूम सहित टीवी रिमोट, स्विच, डोर नोब्ज व हैंडल सेनेटाइज होंगे।
- बेडशीट्स, पिलो कवर, कुशन कवर व अन्य कपड़ों को तुरंत हटाकर वाशिंग में भेजा जाएगा।
- गेस्ट को ब्रेकफास्ट, लंच व डिनर रूम में ही देंगे, जिसकी रूम के बाहर से ही डिलीवरी होगी।
- खाना खाने के बाद गेस्ट को बर्तन भी रूम के बाहर ही रखने होंगे, जिससे रूम सर्विस वाले रूम में न आएं।
चैलेंज
होटल व्यवसायी सुनील तलवार ने बताया कि इंटरनेशनल फ्लाइट्स शुरू नहीं हुई हैं तो विदेशी ग्राहकों की आवाजाही अभी शुरू नहीं होगी। अभी जो भी टूरिस्ट आएंगे, वे केवल जरूरी काम होने पर ही आएंगे। शहर की होटल्स के 10% से ज्यादा कमरे अगले दो माह तक भरे जाने संभव नजर नहीं आते। वहीं अभी आने वाले टूरिस्ट को लेकर भी क्वारेंटाइन करवाने के नियमों में भी असमंजस है।
रेस्टोरेंट्स , वेटर्स के कपड़े रोज चेंज होंगे
- होटल में टेबल सीटिंग की खास व्यवस्था होगी, दो टेबल के बीच कम से कम 6 फीट की दूरी रखी जाएगी।
- रेस्टोरेंट के एक टेबल में दो से ज्यादा लोगों को बैठने की अनुमति नहीं होगी।
- रेस्टोरेंट में कपड़े की बजाय कागज के नेपकिन काम में लिए जाएंगे।
- समय-समय पर उपयोग आने वाले रॉ-मटीरियल व बर्तनों को सेनेटाइज किया जाएगा।
- वेटर व खाना बनाने वाले ग्लव्ज, टोपी व मास्क जरूर पहनेंगे और रोजाना दूसरे कपड़े पहनेंगे।
चैलेंज
जोधाणा होटल्स एंड रेस्टोरेंट सोसाइटी के सचिव राहुल मेहता ने बताया कि गर्मी की सीजन में ग्राहकी का समय शाम के बाद होता है। दोपहर में रेस्टोरेंट खाली ही रहते हैं। मौजूदा व्यवस्था में 8 बजे तक रेस्टोरेंट चल सकेंगे। इस समय तक डिनर के लिए ग्राहकी कम ही होती है। वहीं क्षमता से 50% तक ही बैठने की व्यवस्था करनी है तो ग्राहकी पहले से आधी हाे जाएगी। ऐसे में कई समस्याएं आएंगी।
स्टाफ के लिए भी कई बाध्यताएं लागू होंगी
- मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग, हैंडवाश व सेनेटाइज की व्यवस्था।
- ग्राहक से भी मापदंड के अनुसार जरूरी दूरी बनाकर रखी जाएगी।
- स्टाफ को इस माहौल में रहने की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
- आरोग्य एप मोबाइल में इंस्टॉल करना अनिवार्य होगा।
- होटल रेस्टोरेंट व क्लब में प्रवेश के समय थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था।
होटल रेस्टोरेंट अपने स्तर पर करेंगे ये व्यवस्था
- पार्किंग, कॉमन टॉयलेट्स, लॉबी, रिसेप्सन व किचन का समय-समय पर सेनेटाइजेशन।
- कैश का चलन कम और जो कैश आएगा, उसे सीधा लॉक में रख कर्मचारी के हाथ सेनेटाइजेशन करना।
- रेस्टोरेंट्स व होटल्स में आने वाले सामान की तरीके से सेनेटाइजेशन करवाना।
- जगह-जगह हैंड वाश व हैंड सेनेटाइजेशन की व्यवस्था के लिए व्यवस्था करवाना।
- जिनमें गेस्ट को लाया जाता है, उन गाड़ियों को हर राउंड के बाद सेनेटाइज करवाना।
मॉल्स में भी थर्मल स्कैनिंग व सेनेटाइजर की व्यवस्था
जोधपुर के शॉपिंग मॉल्स को भी 8 जून से पूर्ण रूप से खोलने की तैयारी कर ली गई है। एक सुपर मार्केट डायरेक्टर गगन टाक ने बताया कि गेट पर ग्राहकों की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी, 38 डिग्री से ज्यादा टेंप्रेचर होने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं मॉल में 5 से ज्यादा ग्राहकों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्हें हाथों में ग्लव्ज पहनाए जाएंगे। हर ग्राहक पर एक कर्मचारी साथ रहेगा, जो खुद फेस मास्क व मास्क सील्ड पहने रहेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें