कोटा में सोमवार को 26 नए कोरोना संक्रमित मरीज आए। अब कुल मरीजों की संख्या 1054 पहुंच गई है। इसके अलावा एक मरीज की मौत भी हुई। अब मौतों का कुल आंकड़ा 30 पहुंच चुका है।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि स्वामी विवेकानंद नगर से 2, बालाजी नगर, विज्ञान नगर, आरकेपुरम, महावीर नगर एक्सटेंशन, इंद्र विहार, महावीर नगर फर्स्ट, तलवंडी, महावीर नगर, राजपूत कॉलोनी केशवपुरा, जयपुर गोल्डन, चर्च गली सब्जीमंडी, भाटापाड़ा रामपुरा, गणेश तालाब दादाबाड़ी, वॉम्बे योजना से एक-एक मरीज रिपोर्ट हुआ है।
वहीं, शाम की रिपोर्ट में बजरंग नगर व खेड़ली फाटक से 2-2, कैथूनीपोल, श्रीनाथपुरम, आरकेपुरम, महावीर नगर, बोहरा बगीचा व वॉम्बे योजना से एक-एक केस रिपोर्ट हुआ है। स्वामी विवेकानंद नगर के दोनों मरीज पति-पत्नी हैं। जो सात दिन पहले तलवंडी में अपने किसी रिश्तेदार के यहां गए थे, जो बाहर जाकर आए हैं। पति-पत्नी ने घर के पास ही स्थित एक क्लीनिक पर भी दिखाया था।
चर्च गली सब्जीमंडी निवासी 24 साल का युवक एक इंटरनेट कंपनी में जॉब करता है। महावीर नगर विस्तार योजना निवासी 54 साल के पुरुष रामपुरा में एक जनरल स्टोर पर जॉब करते हैं। तलवंडी निवासी 40 साल की महिला के पति की दुकान है, जो 3 माह से बंद है। उसने दो दिन पहले तलवंडी में ही एक डॉक्टर को भी दिखाया था।
भर्ती होने के 6 घंटे के अंदर ही हो गई महिला की मौत
कोरोना से सोमवार को एक और मौत हो गई। मृतका 67 साल की वृद्धा थी, जो बजरंग नगर निवासी थी। एमबीएस हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. नवीन सक्सेना ने बताया कि दोपहर में उक्त महिला हमारे यहां एडमिट हुई, उसे सांस में तकलीफ थी। मरीज को सीधे आइसोलेशन वार्ड में एडमिट किया और उसी वक्त कोविड का सैंपल भी करा लिया गया। हालांकि शाम को उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। सैंपल भेजा हुआ था, ऐसे में हमने डेड बॉडी आइसोलेशन में ही रोके रखी। शाम की रिपोर्ट में उक्त वृद्धा पॉजिटिव पाई गई।
मृतका को दूसरे राेग भी जरूर रहे होंगे, लेकिन इस बारे में परिजनों से ज्यादा बातचीत नहीं हो पाई। इसी के साथ कोटा में अब कोरोना से 30 मौतें हो चुकी हैं। पूर्व में एक मौत को पहले जोड़ लिया गया था, लेकिन बाद में पाया गया कि मृतक फर्स्ट निगेटिव हो चुका था, ऐसे में उसे कोरोना से मौत नहीं माना गया, ऐसे में फिर से मौत का आंकड़ा 29 रह गया था, जो अब इस मौत के बाद 30 पहुंच गया। आरकेपुरम निवासी 24 साल के युवक व गणेश तालाब निवासी 34 साल के युवक की अलग-अलग कपड़े की दुकानें हैं।
24 मरीज किए डिस्चार्ज
नए अस्पताल से सोमवार को भी 24 मरीज डिस्चार्ज किए गए। अधीक्षक डॉ. सीएस सुशील ने बताया कि अब तक हमारे यहां से 923 मरीज स्वस्थ होकर जा चुके हैं, इनमें कोटा के अलावा अन्य जिलों के मरीज भी शामिल हैं।
परीक्षा देने के बाद पता चला, पॉजिटिव था पुलिसकर्मी
नयापुरा में रविवार को जो पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव आया था उसने रविवार को ही जेडीबी कॉलेज में कॉन्स्टेबल से हैडकांस्टेबल बनने की परीक्षा में भाग लिया था। परीक्षा में सुबह 9 से 12 की शिफ्ट में पहला पेपर देने के बाद पुलिसकर्मियों और डॉक्टरों को पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव है। रिपोर्ट जैसे ही आई पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस के आला अफसरों ने परीक्षा कक्ष काे बंद करवा दिया और सुरक्षा की दृष्टि से पूरे कैंपस को सेनेटइज करवाया।
उस पुलिसकर्मी को मेडिकल चिकित्सा देने के लिए वहां से ले गए और मेडिकल अस्पताल में शिफ्ट करवा दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिसकर्मी ने परीक्षा में बैठने से पहले अपना टेस्ट करवाया था, लेकिन उसकी रिपोर्ट परीक्षा में बैठने के पहले तक नहीं आई थी। उसने जब सुबह परीक्षा दी उसके बाद उसकी रिपोर्ट आ गई। दोपहर 12 बजे की रिपोर्ट में उसे पॉजिटिव पाया गया। जिसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों, उसके परिवार व अन्य लोगों के टेस्ट करवाए गए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें