प्रदेश में जारी सियासी कलह अब हदें लांघने लगा है। विशेष सत्र बुलाने की मांग काे लेकर राजस्थान में राजभवन और सरकार के बीच एक दिन पहले शुरू हुए टकराव के बाद कांग्रेस ने देशभर में 27 जुलाई काे सभी राजभवनों को घेरने का ऐलान किया है। इस कैंपेन काे ‘प्रजातंत्र के लिए बाेलाे’ नाम दिया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा जिस तरह से संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर कांग्रेस की सरकार गिराने का षड्‌यंत्र रच रही है। उसके खिलाफ राजभवनों का घेराव हाेगा।

शनिवार काे कांग्रेस की ओर से जिला स्तर पर किए गए विरोध-प्रदर्शन से इसकी शुरुआत हो चुकी है। इस बीच, विशेष सत्र बुलाने की मांग पर राज्यपाल कलराज मिश्र द्वारा जताई गई 6 आपत्तियों पर गहलोत सरकार ने शनिवार को पहले ताे विधायक दल की बैठक बुलाई, फिर कैबिनेट की बैठक, लेकिन सत्र बुलाने के लिए संशाेधित प्रस्ताव दूसरे दिन भी नहीं भेज पाए। फेयरमाेंट हाेटल में बाड़बंदी के बीच सीएम गहलाेत ने विधायक दल की बैठक में कहा कि लाेकतंत्र काे बचाने के लिए हमें पीएम आवास पर धरना-प्रदर्शन करना पड़े या राष्ट्रपति भवन पर, हम पीछे नहीं हटेंगे। हमारी सरकार 5 साल पूरे करेगी।

गहलोत ने फिर कहा कि बाड़ाबंदी में 21 दिन रहना पड़ सकता है तो विधायकों ने हाथ खड़े कर समर्थन जताया। उधर, राजभवन में धरना-प्रदर्शन काे लेकर अब तक बयानबाजी तक सीमित भाजपा शनिवार काे राजभवन पहुंची। पार्टी ने कहा-कांग्रेस राजभवन काे आतंकित कर सत्र नहीं बुला सकती। बता दें कि 27 जुलाई को ही सुप्रीम कोर्ट स्पीकर सीपी जोशी की उस एसएलपी पर सुनवाई करेगी, जिसमें उन्होंने सचिन पायलट सहित 19 विधायकों को जारी अयोग्यता नोटिस मामले में हाईकोर्ट के दखल को चुनौती दी है।

भाजपा सरकार गिराने का षड्यंत्र कर रही : कांग्रेस

कांग्रेस ने शनिवार को भाजपा के खिलाफ प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन किए। निशाने पर न केवल भाजपा और सचिन पायलट, बल्कि राज्यपाल कलराज मिश्र भी रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर चुनी हुई सरकारों को गिराने का काम कर रही है।

परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि पैसे के दम पर सरकार गिराने का षड्यंत्र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजभवन के घेराव की भावना को जिस तरह से लिया गया, वह ठीक नहीं है। उधर, भाजपा ने धरना-प्रदर्शन में कोराेना गाइडलाइन के उल्लंघन पर कई थानों में केस दर्ज कराए।

राज्य में कानून-व्यवस्था खत्म होने की स्थिति : भाजपा

भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल कलराज मिश्र से मिला और ज्ञापन सौंपा। सीएम गहलाेत पर राज्य में अराजकता का वातावरण बनाने और राजभवन काे आतंकित करने का आरोप लगाया। कहा- दो दिन में सीएम ने जिस तरह की भाषा और गतिविधियां का इस्तेमाल अपने मंत्रियों व​ विधायकों को लेकर किया है, उससे राज्य में कानून व्यवस्था खत्म होने की स्थिति बनी हुई है।

वे जनता को राजभवन का घेराव करने संबंधी उकसाने वाला बयान दे रहे हैं, इससे खराब स्थिति क्या हाे सकती है। प्रतिनिधिमंडल में गुलाबचंद कटारिया, सतीश पूनिया, राजेन्द्र राठौड़, राज्यवर्धन सिंह, रामचरण बोहरा, अरुण चतुर्वेदी आिद शामिल थे।

गहलाेत-गजेंद्र में ट्वीट वार

सीएम अशाेक गहलोत और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच शनिवार काे ट्विटर वार छिड़ा। सीएम ने ट्वीट करते हुए कहा कि पहले ताे गजेंद्र सिंह का नाम विधायकों की खरीद-फरोख्त से जुड़े ऑडियाे में आया और अब संजीवनी सोसायटी घाेटाले में आया है। केंद्र सरकार गजेंद्र सिंह के खिलाफ एक्शन क्याें नहीं ले रही है, उन्हें पद पर क्याें बना रखा है।

उधर, शेखावत ने इसका जवाब देते हुए गहलाेत के नेतृत्व पर सवाल खड़े किए। उन्हाेंने कहा कि आपकी सरकार ताे रिसोर्ट में मजे कर रही है और प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। शेखावत ने एक दिन में कितना क्राइम बढ़ा है, इसकी खबरें खुद के ट्विटर हैंडल पर भी चस्पा की।

गौरतलब है कि शेखावत ने शुक्रवार काे भी सीएम काे टारगेट करते हुए ट्वीट किया था कि चाेरी, डकैती, रेप, हत्या और हिंसक झड़पों के मामलाें में सीएम स्तर पर गुहार लगाना बेकार है।

मुद्दा राजस्थान का, देश में घेराव क्याें कर रही कांग्रेस?

तीन वजह हैं। पहली- राष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे को ज्यादा से ज्यादा हाईलाइट करना, ताकि अन्य दल साथ जुड़ें। दूसरा- राज्यपाल पर बिना शर्त विशेष सत्र बुलाने के लिए दबाव बनाना।
तीसरा- संगठन काे नया मुद्दा देकर एक्टिव करना। ताकि भाजपा के खिलाफ माहौल खड़ा किया जा सके।

दूसरे दिन भी राज्यपाल काे चिट्ठी क्याें नहीं भेजी?

जानकार बताते हैं कि पेच फ्लोर टेस्ट पर फंसा है। कांग्रेस फ्लाेर टेस्ट कराने का बयान दे रही है, लेकिन राज्यपाल को पहले भेजे प्रस्ताव में इसका जिक्र नहीं था। राज्यपाल ने जो 6 बिंदु उठाए थे उनमें सत्र बुलाने की इमरजेंसी वजह बताना भी शामिल है। संभवत: इसके पुख्ता कारण अभी नहीं मिले हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
जयपुर में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन।
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top