सैंपऊ पंचायत समिति की 17 ग्राम पंचायतों के लिए शनिवार को वाेटिंग हुई। इस दाैरान बरा गांव में चुनाव परिणाम घोषित होने के करीब एक घंटे बाद हारे हुए प्रत्याशियों के समर्थकों ने मतदान केंद्र के अंदर घुसकर मतदान दल को घेर लिया फायरिंग शुरू कर दी।
समर्थकों ने आक्रोशित होकर केंद्र के बाहर खड़ी एक कांस्टेबल की बाइक को भी आग के हवाले कर दिया, वहीं करीब 4 से 5 अन्य बाइकों को तोड़ दिया। समर्थकों द्वारा घेरकर की गई फायरिंग से मतदान दल के कर्मी घबरा गए।
वहीं इसके बाद पुलिस को भी जवाब में हवाई फायरिंग करके समर्थकों को खदेड़ा। सूचना मिलने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार जायसवाल और एसपी केसर सिंह शेखावत बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे स्थिति को नियंत्रण में करते हुए मतदान दल को सुरक्षित बाहर निकालकर सैंपऊ के लिए रवाना किया।
बरा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में देर शाम हुई मतगणना में शीला त्यागी 5 वोट से विजयी हो गई। मतदान दल ने विजयी प्रत्याशी को गाड़ी से घर तक भिजवा दिया। इसके करीब एक घंटे बाद मतदान दल जब वापसी की तैयारी कर रहा था ताे उसी दाैरान हारे हुए प्रत्याशियाें केे 70-80 समर्थक हथियारों से लैस होकर मतदान केंद्र के अंदर घुसे और फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद समर्थकों ने बाहर खड़ी बाइक पर आग लगाकर अन्य बाइकों को तोड़ना शुरू कर दिया था।
पुलिस बल के आते ही भागे उपद्रवी
मतदान केंद्र में घुसकर तोड़फोड़ व फायरिंग करने के बाद केंद्र के बाहर तैनात पुलिस कर्मियों ने समर्थकों को नियंत्रित करने के लिए जवाबी फायरिंग शुरू की। जानकारों की मानें तो दोनों ओर से करीब आधे घंटे तक 50 राउंड से अधिक गोलियां चलीं। इसके बाद एसपी और कलेक्टर के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचते ही उपद्रवी मौके से फरार हाे गए। मामले को लेकर पुलिस कर्मियों ने देर शाम तक उपद्रवियों की तलाश शुरू कर दी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें