कस्बे के खेडली-सीकरी रोड पर मेगा हाइवे के दोनों तरफ नालाें का निर्माण कार्य अधूरा होने से लोगों को परेशानी हो रही है। आरएसआरडीसी की ओर से 116 करोड़ की राशि से खेडली से पहाड़ी तक मेगा हाइवे स्वीकृत है। जिस पर ठेकेदार द्वारा कस्बे के सीकरी व खेडली रोड पर सीसी सड़क निर्माण उपरांत खेडली रोड पर अंबेडकर धर्मशाला से सहायक अभियंता (डिस्काम) कार्यालय व शनि मंदिर पर नाला निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। जबकि इंदिरा सर्किल से सीकरी चुंगी तक नाला निर्माण शुरू नही हो सका है।

इसके अलावा सीकरी रोड पर अनार देवी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास निकासी के अभाव में गंदा पानी विद्यालय परिसर में जमा हो रहा है। फिलहाल मेगा हाइवे के दोनों तरफ नाला निर्माण अधूरा होने व निर्मित स्थानों पर आपस में मिलान नही होने से सड़क मार्गों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जिससे कस्बेवासियों का आवागमन बाधित बना हुआ है।

साथ ही खेडली से सीकरी सड़क मार्ग पर दुकानों के सामने मौजूद नालों के ऊपर फैरोकवर नही होने से दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित के होने के साथ-साथ दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है।

^संबंधित ठेकेदार को मेगा हाइवे के दोनों तरफ नाला निर्माण का कार्य पूरा कराने को कहा जा चुका है। साथ ही उक्त समस्या से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है।
नरसीलाल मीणा, अधिशाषी अधिकारी

335 करोड़ से चार सड़कों का निर्माण
गौरतलब है कि 335 करोड की लागत से 175 किलोमीटर तक चार सड़कों का निर्माण हो रहा है। इनमें कोटा-झालावाड के कनवास से अकलेरा, आलोट से गंधार, देवली से कनवास व अलवर-भरतपुर जिले की खेडली से पहाड़ी शामिल है। जिसमें खेडली से पहाड़ी तक 61 किलोमीटर सडक निर्माण कार्य प्रस्तावित है। उक्त सडक निर्माण के बाद 10 वर्ष तक देखरेख व मरम्मत कार्य की जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी।

निर्धारित मापदंडों की अवहेलना
कस्बे के खेडली-सीकरी सड़क मार्ग पर मेगा हाईवे के दोनों तरफ नालों को लेकर संबंधित ठेकेदार की ओर से निर्धारित 35-35 फीट दूरी पर निर्माण कार्य नही कराकर खुली अवहेलना की जा रही है। जबकि नगर पालिका द्वारा गत 15 फरवरी की साधारण सभा में शहरी गौरव पथ व सीकरी-खेडली रोड पर मेगा हाइवे निर्माण के तहत सडक के दोनों तरफ 35-35 फीट पर नाला निर्माण कराने का प्रस्ताव लिया जा चुका है। ऐसे में कस्बेवासियों ने निर्धारित मापदंडों की अवहेलना होने पर रोष जताया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top