बासनी पुलिस ने शनिवार को अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग का खुलासा करते हुए 007 गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार करने के साथ एक बालक को संरक्षण में लिया था। बालक को रविवार को सुधार गृह भिजवा दिया गया। वहीं तीनों आरोपियों को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। इनकी निशानदेही पर और भी गाड़ियां बरामद की जानी हैं। इस गैंग का एक आरोपी बनाड़ में लड़की पर एसिड अटैक में शामिल रहा है तो दूसरा प्रताप नगर में एक महिला से छेड़छाड़ कर चुका है। इनके प्रकरण भी थानों में दर्ज हैं।
बासनी थानाधिकारी दिलीप कुमार खदाव ने बताया कि शनिवार को महेंद्रसिंह, रघुवीर उर्फ दुर्गेश चांवरिया, संजय उर्फ संजू को गिरफ्तार किया गया था। विधि संघर्षरत बालक को संरक्षण में लिया था। तीनों अभियुक्त 007 गैंग से जुड़े रहे हैं। पुलिस अब इनका पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड जांचने में भी जुटी है।
संजय उर्फ संजू के खिलाफ बनाड़ में एसिड हमले का भी आरोप लगा है। जबकि महेंद्रसिंह ने प्रताप नगर में महिला से छेड़छाड़ की थी। बासनी पुलिस बाड़मेर निवासी नरपतसिंह उर्फ नरेश पुत्र दुर्गाराम जाट, मथानिया के अशोक जुड़ पुत्र हड़मानराम विश्नोई, जेठाराम पुत्र हुकमाराम नेहरा और एक अन्य नामजद किशोर की तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने दो इको कार, एक बोलेरो व पिकअप के साथ ही दो बाइक भी जब्त की थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें