केतू कलां गांव में रविवार दोपहर बाद 4 बजे बोलेरो में आए आधा दर्जन बदमाशों ने हथियारों की नोंक पर ज्वैलर्स को लूट लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों के बताए रास्ते पर बदमाशों का पीछा किया तो उन्होंने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में सेखाला पुलिस चौकी के दो जवान लहूलुहान हो गए।
उन्हें बालेसर अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि गांव में रविवार को दिन में चार बजे मोहनराम पुत्र भारताराम सोनी के ज्वैलर्स की दुकान पर एक बोलेरो में सवार होकर आए सात आठ जनों ने आकर हमला कर दिया। दुकान से नकदी व जेवरात छीनकर ले गए। इसके बाद वहां पर लोग एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने शेरगढ़ पुलिस थाने व सेखाला पुलिस चौकी में इसकी सूचना दी।
सेखाला पुलिस चौकी से कांस्टेबल रामेश्वर व नरेश विश्नोई बाइक लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद शेरगढ़ थाना प्रभारी कैलाश दान ने पुलिसकर्मियों को उनका पीछा करने के निर्देश दिए। इस पर केतु कलां सरपंच की गाड़ी में सरपंच नाथू सिंह केतु, पुलिस कर्मी रामेश्वर,नरेश व ग्रामीण रिचपालसिंह सहित चार जनों ने पीछा किया।
घटनास्थल से चार–पांच किलोमीटर दूर भालू राजवा गांव की सरहद में लुटेरों ने अपनी गाड़ी वापस घुमाकर स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। इसके बाद धारदार हथियारों से गाड़ी व पुलिसकर्मियों पर हमला कर मौके से भाग गए। हमले में पुलिस कर्मी रामेश्वर व ग्रामीण रिचपालसिंह के सिर में गंभीर चोटें आई।
वहीं सरपंच नाथू सिंह व नरेश विश्नोई के मामूली चोटें आई। घायलों को बालेसर अस्पताल लेकर आए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस उपअधीक्षक राजू राम चौधरी व शेरगढ़ थाना प्रभारी कैलाश दान मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की तलाश शुरू की। वहीं ज्वैलर मोहनराम ने बताया कि 90 हजार रुपए 3 किलो चांदी व 70 ग्राम सोना लूट कर ले गए।
6-7 लुटेरे तलवार-कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे
उप निरीक्षक बाबूलाल सीरवी ने बताया कि रविवार को शाम करीब 4 बजे दिनदहाड़े स्वर्णकार मोहनराम सोनी की दुकान पर लूट की वारदात हुई। बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। उसके बाद में सोने-चांदी का गहना आदि आभूषण लूटकर फरार हो गए।
मौके पर सेखाला पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी रामेश्वर व नरेश पहुंचे व सरपंच की स्कॉर्पियो से लुटेरों का पीछा कर रहे थे कि इतने में बिना नम्बरी बोलेरो कैंपर गाड़ी में सवार मुख्य आरोपी खेतनगर (भालू राजवा) निवासी भजनाराम पुत्र मंगलाराम विश्नोई सहित 6-7 लुटेरों ने तलवार व कुल्हाड़ी आदि हथियारों से हमला कर दिया। हमले में कांस्टेबल रामेश्वर, स्कॉर्पियो चालक रिशपालसिंह, सरपंच नाथूसिंह घायल हो गए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें