रुदावल पुलिस द्वारा 20 जुलाई को फरीदाबाद से पकड़ी गई अपहृत किशोरी कोरोना पाॅजिटिव निकली है। इससे थाने के पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया है। हालांकि किशोरी को पकड़कर लाने वाले पुलिस कर्मियों में फिलहाल संक्रमण के कोई लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं। लेकिन, वे कोरोना को लेकर आशंकित हैं। इस बीच, जिले में सोमवार को 12 नए रोगी और मिले।
इन्हें मिलाकर कुल संक्रमितों का आंकड़ा अब 2392 तक पहुंच गया है। जबकि इनमें से 2020 लोग अब तक ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इनमें 20 रोगियों को नेगेटिव होने के बाद सोमवार को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। सीएमएचओ डॉ. कप्तान सिंह के मुताबिक अब जिले में 321 केस एक्टिव हैं।
इधर, रुदावल पुलिस के अनुसार गांव में मंदिर पर दर्शन करने गई किशोरी को पिछले दिनों कुछ युवक बहला-फुसलाकर ले गए थे। इस अपहृत किशोरी को पुलिस ने फरीदाबाद से पकड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी का शनिवार को कोरोना सैंपल लिया गया, जो पाॅजिटिव आया है।
वहीं, कामां में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हर सोमवार लॉकडाउन करने का फैसला किया गया है। इस दौरान कस्बे के बाजार पूरी तरह बंद रहेंगे। जबकि बाकी दिनों में बाजार केवल 8 घंटे ही खुलेंगे। एसडीएम विनोद कुमार मीणा ने सोमवार को आदेश जारी कर बाजार खुलने का समय बदल दिया। मंगलवार से बाजार खुलने का समय सुबह 8 से शाम 4 बजे तक रहेगा।
इसके अलावा नदबई व्यापार संघ और अन्य संगठनों की एसडीएम हेमराज गुर्जर के साथ हुई मीटिंग में अब मंगलवार से कस्बे के बाजार सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही खोलने का फैसला किया गया है।। एसडीएम ने बताया कि इससे पहले बाजार खुलने का समय सुबह 9 से शाम 7 बजे तक था। लेकिन, पिछले कुछ दिनों से कोरोना मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसलिए मंगलवार से बाजार खुलने के समय में बदलाव किया गया है।
इसके तहत किराना, सब्जी, फल, ठेली और अन्य सभी प्रकार की दुकानें दोपहर 2 बजे तक खुलेंगी। जबकि मेडिकल स्टोर, गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप, उचित मूल्य की दुकान, पानी की सप्लाई और बैंक एटीएम आदि 24 घंटे खुले रहेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें