स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह शनिवार को आदर्श स्टेडियम में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली।
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में परेड कमांडर एसआई भंवराराम के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, बोर्डर होमगार्ड एवं अरबन होमगार्ड की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया। मार्च पास्ट के पश्चात एडीएम ओम प्रकाश विश्नोई ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया गया। तत्पश्चात पुलिस विभाग के बैण्ड दल द्वारा बैण्ड वादन प्रस्तुत किया गया।
मुख्य समारोह के दौरान मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर विश्राम मीणा एवं एसपी आनंद शर्मा द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान पोस्टर का विमोचन किया गया। इसके पश्चात जिला कलेक्टर मीणा ने उपस्थित जन समुदाय को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत किसी भी प्रकार का व्यसन नहीं करने, नशे कीे लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करने, नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उस आदत से दूर करने का प्रयास करने, नशे की आदत के विरूद्ध गांव-गांव प्रचार-प्रसार करने तथा सत्य निष्ठा से शपथ के प्रति संकल्प बद्ध रहने की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान लोक कलाकार स्वरूप पंवार एवं बिहारी पंवार द्वारा कोरोना जन जागरूकता गीत प्रस्तुत किया गया। इसी कड़ी में जिले के कमों का बाडा, कानाना, सनावड़ा एवं मोतीसरा से आए गैर दलों द्वारा गैर नृत्य की प्रस्तुति दी गई। गैर दलों को जिला प्रशासन की ओर से ग्यारह-ग्यारह हजार रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके बाद लोक कलाकार स्वरूप पंवार ने देश भक्ति गीत की प्रस्तुति दी। जिला प्रशासन की ओर से स्वरूप पंवार पार्टी को भी ग्यारह हजार रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया। मुख्य समारोह के दौरान जिले के शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
राजकीय पीजी महाविद्यालय बाड़मेर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्राचार्य प्रो. मनोहरलाल गर्ग ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पौधरोपण भी किया गया। अभियांत्रिकी महाविद्यालय बाड़मेर में 74वां स्वतंत्रता दिवस मनाकर शहीदों को याद किया। प्राचार्य डाॅ. एसके विश्नोई ने मां सरस्वती की तस्वीर के सामने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का आगाज किया।
इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया। महेश शिक्षण संस्थान के दिल्ली पब्लिक स्कूल के परिसर में स्वतंत्रता दिवस का समारोह संस्थान के संरक्षण ओमप्रकाश चांडक की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि शंकर लाल जैन रहे। केकड़ ग्राम पंचायत पर बालिका मावि, हीरा की ढाणी उमावि में भी ध्वजारोहण किया।
चौहटन . स्वाधीनता दिवस के अवसर पर राउमावि के खेल मैदान में उपखंड अधिकारी भवानी सिंह चारण ने ध्वजारोहण किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में विकास अधिकारी छोटू सिंह काजला, पुलिस उप अधीक्षक अजीत सिंह, थानेदार प्रेमाराम, पूर्व जिला परिषद सदस्य रूप सिंह राठौड़, तहसीलदार सवाई सिंह चौहान, क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रभूलाल सोलंकी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
धनाऊ. स्वंतत्रता दिवस धनाऊ तहसील मुख्यालय पर सरकारी गाइडलाइन के अनुसार सादगी पूर्ण तरीके से मनाया गया। मुख्य समारोह हाई स्कूल परिसर में आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि धनाऊ विकास अधिकारी गोपाराम मेघवाल ने संबोधित किया। इस दौरान पंचायत समिति मुख्यालय पर स्थित सभी सरकारी भवनों पर तिरंगा फहराया गया।
धोरीमन्ना. सेठ केसरीमल कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण व पौधरोपण किया गया। इस दौरान तहसीलदार भागीरथ विश्नोई, बीडीओ नरेंद्र साऊ, दिनेश कुलदीप, मनोहरलाल तेतरवाल, रायमलराम, अनिल सेठिया, अशोक विश्नोई, ओमप्रकाश भादू सहित कई लोग मौजूद रहे।
बायतु . राउमावि पूनियों का तला में स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। रालोपा नेता उमेदाराम बेनीवाल, सरपंच अमेदी देवी के आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता और देशभक्ति के बारे में सीख दी गई।
सेड़वा . राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय सेड़वा में उपखंड अधिकारी सुनील कुमार चौहान के मुख्य आतिथ्य, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रशांत कुमार भूषण की अध्यक्षता में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इसी प्रकार राउमावि सोनड़ी में भी ध्वजारोहण किया गया।
रामजी का गोल . ग्राम पंचायत मुख्यालय पर स्थित विद्यालय में प्रधानाचार्य विजेंद्र कुमार ने ध्वजारोहण किया। पुलिस जवानों ने ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रीय ध्वज को मार्च पास्ट कर सलामी दी। इस दौरान रामजी का गोल पुलिस चौकी के कानदान चारण, गोविंद राम परमार, ओम प्रकाश मीणा, विद्यालय स्टाफ मंगलाराम सियोल, लाखाराम सियोल, जोराराम सारण उपस्थित रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें