अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमितों से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाने और बाथरूम में फिसलकर एक मरीज की मौत के मामले के बाद मंगलवार को कलेक्टर अविचल चतुर्वेदी सांवली स्थित कोविड हॉस्पिटल में निरीक्षण के लिए पहुंचे। कलेक्टर ने टॉयलेट-बाथरूम की सफाई व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल किया क्या मरीज इसी जगह गिरा था। सफाईकर्मी संजीव को हालात दिखाते हुए पूछा क्या इसे सफाई कहते हैं? भविष्य में सफाई व्यवस्था में गड़बड़ी मिलने पर सफाईकर्मी की तनख्वाह रोकने तक की चेतावनी दी।
कलेक्टर ने डाॅक्टरों से कहा, दिन में कम से कम एक बार मरीज के पास जरूर जाएं। मरीज से आत्मीयता से बात करेंगे तो उसकी आधी समस्या अपने आप ही हल हो जाएगी। उन्होंने मेडिकल स्टाफ को ऑक्सीजन सिलेंडर मरीजों और उनके परिजनों से नहीं मंगवाने के लिए पाबंद किया। यह काम मेडिकल स्टाफ करेगा। साथ ही मरीजों को आश्वस्त किया कि जरूरत पर मरीज को ऑक्सीजन सिलेंडर मिलेगा। इसके लिए वह घबराए नहीं। कई बार मरीज एक से ज्यादा सिलेंडर रख लेते हैं। इससे अव्यवस्था होती है।
इस पर मेडिकल स्टाफ को मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि सोमवार को सांवली कोविड सेंटर में टॉयलेट में मरीज की गिरने से मौत हो गई थी। गंदगी के कारण मरीज फिसल गया और मुंह कमोड से टकरा गया। इससे उसकी मौत हो गई। कोविड सेंटर में अव्यवस्थाओं को दैनिक भास्कर ने मामले को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद कलेक्टर निरीक्षण पर पहुंचे।
कोविड अस्पताल में सफाई, खाने और इलाज की अव्यवस्थाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होतेे रहे हैं, कलेक्टर का दावा निरीक्षण में किसी भी मरीज ने नहीं की ऐसी शिकायत
कोविड मरीजों की नियमित काउंसलिंग करनी होगी : कलेक्टर ने निरीक्षण में कोरोना मरीजों के हालचाल जाने। हॉस्पिटल में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। भोजन की गुणवत्ता की जांच की। मरीजों की कोविड जांच के लिए आवश्यकता अनुसार सैंपलिंग किए जाने के निर्देश दिए। पीएमओ को कोरोना हेल्प डेस्क पर नियमित रूप से मरीजों की काउंसलिंग करने के निर्देश दिए। पेयजल, दवा वितरण, भौतिक संसाधनों की उपलब्धता, रोगियों की मानसिक स्थिति, मास्क, सेनेटाइजेशन, सफाई व्यवस्था की जानकारी ली।
जिम्मेदारों को बचाने में जुटा स्वास्थ्य विभाग, रिपोर्ट में मरीज को बाथरूम में बेहोश लेटा हुआ बताया
सांवली कोविड अस्पताल में टॉयलेट में गंदगी के कारण फिसलने से एक मरीज की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग के अफसर लापरवाह स्टाफ को बचाने में जुट गए हैं। मामले में कोविड अस्पताल के इंचार्ज ने पीएमओ को रिपोर्ट पेश की है। रिपोर्ट में बताया गया कि उक्त मरीज बाथरूम में बेहोशी की हालत में लेटा हुआ था। यहां सवाल ये है कि एक मरीज बेड छोड़कर बाथरूम में क्यों लेटेगा? रिपोर्ट में बताया गया कि 18 अक्टूबर 65 वर्षीय मरीज रामवतार पुत्र हरिप्रसाद सांवली के सस्पेक्टेड वार्ड में भर्ती था। उसे निमोनिया की बीमारी थी एवं वह ऑक्सीजन पर था।
इस दिन ड्यूटी फिजिशियन डाॅ. गजराजसिंह, क. वि. ऑर्थो डॉ. विजेन्द्र कुमावत एवं आईसीयू में स्टाफ सुमन व शराबती नर्स द्वितीय की ड्यूटी थी। वहां मौजूद स्टाफ ने बताया कि रात 11 बजे मरीज रामवतार का चेकअप किया गया था। उस वक्त उसका बीपी व ऑक्सीजन लेवल ठीक था। तड़के करीब चार बजे मरीज बाथरूम गया।
उसके 15-20 मिनट बाद दूसरे परिजन ने स्टाफ को बताया कि एक मरीज बाथरूम में बेहोशी की हालत में लेटा हुआ है। उसी समय स्टाफ ने बाथरूम से मरीज को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया। ड्यूटी डॉक्टर के चेक करने पर उसकी श्वांस नहीं चल रही थी। तमाम प्रयासों के बावजूद मरीज की जान नहीं बचाई जा सकी।
सीधी बात : अविचल चतुर्वेदी, कलेक्टर
Q. एक मरीज की टॉयलेट में मौत के बाद आपने अस्पताल का निरीक्षण किया, क्या खामियां मिली?
A. अस्पताल में लेटबाथ की सफाई को लेकर कुछ दिक्कत सामने आई। जिसे ठीक करने के लिए नगर परिषद को कहा गया है। मरीजों से भी बात की। अन्य सभी व्यवस्थाएं ठीक हैं।
Q. मरीजों का आरोप है कि डाॅक्टर और मेडिकल स्टाफ उनके पास तक नहीं आता है।
A. मरीजों से चर्चा की है। किसी भी मरीज ने डॉक्टर या मेडिकल स्टाफ के उनके पास नहीं आने की ऐसी शिकायत नहीं की। मरीज या उनके परिजन कभी भी मुझे अलग से भी ऐसी किसी भी परेशानी से अवगत करवा सकते हैं। डाॅक्टरों को हर मरीज से बात करने के लिए कहा गया है, ताकि मरीज संतुष्ट हो सके।
Q.टॉयलेट में मरीज की मौत के मामले में कोविड अस्पताल इंचार्ज ने रिपोर्ट में उसे बेहोशी की हालत में लेटा हुआ बताया।
A,मुझे अभी तक पीएमओ से इस संबंध में रिपोर्ट नहीं मिली है। मैंने पीएमओ को मरीज की मौत के कारण, ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ व किसकी गलती रही आदि चीजों पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मरीजों को समय-समय पर ट्रैक करना भी जरूरी है, ताकि कोई गंभीर मरीज के साथ हादसा न हो।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें