रातानाडा पुलिस ने गुरुवार रात एक महिला को साढ़े नौ ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। हवालात में उसकी सुबह तबीयत बिगड़ गई। इस पर पुलिस ने उसे मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती करवाया। उसकी हालत में सुधार है। सूचना पर पुलिस उस महिला को पकड़ने गई तो वह पुलिस को देख भागने लगी। इस दौरान उसके पास जो स्मैक की पुड़ियां थीं उसमें से एक वह खा भी गई। जब पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई तो उसकी तबीयत बिगड़ गई।
हालांकि पुलिस का कहना है कि डॉक्टर ही बता पाएंगे कि उसकी तबीयत स्मैक के कारण बिगड़ी या फिर कोई और वजह है। इधर, थाने में महिला की तबीयत बिगड़ने की जानकारी पर परिजन बिफर गए और थाने के बाहर जमा होने लगे। कुछ लोग अस्पताल पहुंच गए। मामला गर्माता देख पुलिस का अतिरिक्त बल रातानाडा और अस्पताल में लगाया गया। पुलिस ने आरंभिक पूछताछ में बताया कि महिला खुद ड्रग एडिक्ट है। सुबह बीपी कम होने से उसकी तबीयत बिगड़ी। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है।

कार्यवाहक थानाधिकारी शालिनी बजाज ने बताया कि गुरुवार की रात रातानाडा सांसी कॉलोनी की रहने वाली जसोदा उर्फ जस्सु उर्फ काली पत्नी विजय सांसी को 9.5 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा था। उसे रातानाडा थाने रखा गया। एसीपी देरावरसिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिला जसोदा की शुक्रवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया।

उसका ब्लड प्रेशर कम हो गया था। रात को ड्रग का नशा लेने का भी संदेह है। तब खाना भी खाया था। तबीयत बिगड़ने की जानकारी घरवालों को मिली तो वे रातानाडा थाने पहुंच गए, जहां पर कुछ देर तक हंगामा हुआ। अस्पताल में भी सांसी समाज के लोग एकत्र होने पर वहां पर पुलिस बल लगाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top