एमबी अस्पताल की सुपर स्पेशियलिटी के कोरोना आईसीयू में भर्ती कोरोना पीड़ित फार्मासिस्ट और यूएई से लौटे पुरुष रोगी की सोमवार को मौत हो गई। दूसरी ओर, शहर में फिर कोरोना ब्लास्ट हुआ। 13 नए रोगी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब संक्रमितों की संख्या 658 पर जा पहुंची है।
एमबी अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने बताया कि इसवाल की मेघवाल कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय फार्मासिस्ट चुन्नीलाल और यूएई से लौटे उदयपुर निवासी 47 वर्षीय जैकब की मौत हुई है। जैकब शहर के होटल माउंट व्यू में क्वारेंटाइन थे। सिरोही से एमबी अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचने से पहले दम तोड़ने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग की जांच रिपोर्ट में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
उदयपुर में पहली बार एक ही दिन में दो और सिरोही सहित तीन कोरोना पीड़ितों की मौत हुई है, जबकि चित्तौड़ के मेल नर्स के बाद संभाग में हैल्थ वर्कर की दूसरी मौत है। तीनों के पॉलीथिन पैक शवों का अशोक नगर श्मशान के गैस शवदाहगृह में परिजनों ने पीपीई किट पहनकर अंतिम संस्कार किया गया। ऐन वक्त पर श्मशान पहुंचे परिजन मृतकों के चेहरे तक नहीं देख सके।
चचेरे भाई ने किया फार्मासिस्ट का अंतिम संस्कार, चेहरा भी नहीं देख सके पत्नी, पिता व अन्य परिजन
सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि मृतक फार्मासिस्ट की 18 वर्ष की बेटी और 10 साल का बेटा भी संक्रमित है। फार्मासिस्ट का अंतिम संस्कार चचेरे भाई ने पीपीई किट पहनकर अशोक नगर श्मशान के गैस शवदाहगृह में किया।
मृतक की पत्नी, पिता व अन्य परिजनों ने दूर से पॉलीथिन पैक पार्थिव देह के अंतिम दर्शन किए। एमबी अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने बताया कि फार्मासिस्ट की गत 17 जून को कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन निमोनिया और सेप्टीसिमिया के चलते मौत हो गई।
यूएई से लौटने के बाद माउंट व्यू में क्वारेंटाइन के दौरान कोरोना पॉजिटिव निकले 47 वर्षीय कैंसर पीड़ित पुरुष की भी मौत हो गई है। सिरोही से एमबी की इमरजेंसी में पहुंचने से पहले ही दम तोड़ने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग भी जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव निकला है।
मट्ठों की सेहरी, सेक्टर-14, रेलवे कॉलोनी, सलूंबर में मिले संक्रमित अस्पतालों में भर्ती
कोरोना से उदयपुर में अब तक 6 मरीजों की मौत हो चुकी है, लेकिन एमबी अस्पताल प्रशासन कैंसर ग्रसित दो रोगियों की मौत से पहले कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने की वजह से कैंसर व अन्य बीमारियों से मौत मान रहा है। ऐसे में उदयपुर में कोरोना से ऑन रिकॉर्ड चार मरीजों की जान जा चुकी है।
इधर, एमबी में भर्ती 46 वर्षीय पुरुष, अमल का कांटा क्षेत्र स्थित मट्ठों की सेहरी निवासी 17 वर्षीय किशोर, 20 वर्षीय युवक, 21 वर्षीय युवक, 40 वर्षीय महिला, 46 वर्षीय पुरुष, 48 वर्षीय पुरुष, सेक्टर-14 निवासी, एक रेलवे कॉलोनी निवासी मुंबई से लौटे सलूंबर के दो और उदयपुर के प्रवासी में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।
कोविड शहर प्रभारी डॉ. एसएल बामनिया के नेतृत्व में मेडिकल टीमों ने संक्रमितों को अस्पतालों में भर्ती कराया। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 19 कोरोना संदिग्धों के जांच नमूने लिए गए हैं। ईएसआईसी अस्पताल चित्रकूट नगर, टाउनहॉल आदि जगह सैंपलिंग की गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें