जोधपुर से जैसलमेर रूट पर रामदेवरा जा रही एक प्राइवेट बस में शनिवार को कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया। प्रशासन ने इस बस को आगोलाई के पास रुकवाकर सभी यात्रियों को नीचे उतारा।
बाद में बालेसर सीएचसी में सभी की जांच कर होम क्वारेंटाइन के लिए पाबंद किया गया। कोरोना पॉजिटिव को जोधपुर रेफर किया गया है। जबकि 51 सवारियों की सैंपलिंग करवाई गई। उनकी रिपोर्ट आने तक सभी को होम क्वारेंटाइन रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार देचू क्षेत्र के कोलू राठौड़ा गांव निवासी एक 17 वर्षीय स्टूडेंट्स हडडी का कोई ऑपरेशन कराने जोधपुर पहुंचा था। दो दिन पहले ऑपरेशन करवाने एमडीएम अस्पताल में गए तब डॉक्टरों ने कोरोना टेस्ट करवाने के बाद ऑपरेशन करने का कहा।
इस पर युवक के परिजनों ने इसका कोरोना टेस्ट करवाया। इसके बाद वे घर आ गए। शनिवार को यह युवक, उसका भाई व एक परिचित दुबारा जोधपुर आए लेकिन कोरोना जांच की रिपोर्ट नहीं आने पर डॉक्टरों ने फिर ऑपरेशन से मना कर दिया।
डॉक्टरों ने कहा कि रिपोर्ट लेकर आना। इस पर वे तीनों आखलिया चौराहा से एक निजी बस में बैठ गए। देचू उरतना था लेकिन बस आगोलाई तक पहुंची ही थी कि युवक के पास फोन आया कि कहां हो? इस पर उसने कहा कि वह रामदेवरा जाने वाली बस में वापस गांव जा रहा है।
बस अभी आगोलाई के पास चल रही है। इस पर बालेसर उपखंड अधिकारी कचंन राठौड़, तहसीलदार आईदान पंवार, थाना प्रभारी दीपसिंह भाटी व चिकित्सा प्रभारी डॉ. राहुल चौपड़ा को सूचना दी गई। उन्होंने बस को बालेसर में रोकने के निर्देश दिए।
बस बालेसर पहुंची तो सीधे अस्पताल परिसर के पीछे ले जाकर पॉजिटिव व्यक्ति को 108 एंबुलेंस से जोधपुर भेजा जबकि चिकित्सा विभाग की टीम ने सभी सवारियों की जांच की। बस को सेनिटाइज्ड कराया। इस मौके पर पटवारी महीराम विश्नोई, कांस्टेबल सुखराम, दिनेश कुमार, नर्सिंग स्टाफ राकेश वैष्णव, लैब टेक्नीशियन श्यामसिंह, सुमेरसिंह, लखसिंह सहित स्टाफ मौजूद था।
सुबह भी प्राइवेट बस से जोधपुर पहुंचा था
कोरोना पॉजिटिव किशोर, उसका भाई व परिवार का एक अन्य सदस्य शनिवार सुबह ही जैसलमेर से जोधपुर जाने वाली निजी बस में बैठकर जोधपुर गए थे। इस दौरान वह किन किन सवारियों के संपर्क में आया, इसका पता लगाना प्रशासन के लिए चुनौती होगा।
वहीं, अब राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार बस में क्षमता के अनुसार सवारियों को बिठा सकते हैं। यह बस भी 50 सीटर थी। ऐसे में सभी सीटें भरी हुई थी। हालांकि बस को रवाना करने से पूर्व निजी बस यूनियन द्वारा सेनिटाइजर मशीन से सेनिटाइज करके रवाना किया जाता है। शनिवार को भी यही प्रक्रिया अपनाई गई थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें