रोडवेज प्रबंधन की ओर से अनलाॅक-1 के बाद 3 जून से एक बस पाली और 6 बसें जिले के विभिन्न क्षेत्राें के लिए संचालित की गई थीं, लेकिन तीन दिन तक यात्री नहीं मिलने से रोडवेज को सूखे की मार झेलनी पड़ी। अब रोडवेज की व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लौटती दिख रही है। पहले 9 जून से जोधपुर और जयपुर के लिए रोडवेज की नई बसें शुरू हुई तो यात्री भार देखते ही देखते बढ़ता गया और इसके बाद 11 जून से उदयपुर और बांसवाड़ा के लिए शुरू की गई रोडवेज सेवा का यात्रियों का काफी फायदा मिला।
अब ठीक 11 दिन बाद यानि 22 जून से रोडवेज निगम जिले में जहां दलोट के लिए पहली बार बस सेवा शुरू कर रहा है, वहीं जिले से बाहर भीलवाड़ा और एक बस उदयपुर के लिए भी शुरू कर रहा है। भीलवाड़ा के लिए ये नॉन स्टॉप सेवा पहली बार शुरू की जा रही है। गौरतलब है कि जिले में रोडवेज की सेवा लॉकडाउन लागू होने के बाद से करीब तीन महीने तक बंद रही। इस कारण जिले में कई बाहर के यात्री अटके रहे। इसके साथ ही जिले के अंदर के कई यात्री भी करीब दो माह तक जिले में विभिन्न स्थानों पर अटके रहे थे।
रोडवेज काे शुरुआत में नहीं मिला यात्री भार
लॉक डाउन के बाद 3 जून को अनलॉक वन के तहत रोडवेज ने जिले में 7 नई बसें शुरू की। ये पहला मौका था जब इतने समय बाद पहली बार आवागमन के लिए कोई सरकारी व्यवस्था शुरू हुई हो। लेकिन कोरोना का डर इतना बड़ा था कि इन बसों में कभी एक तो कभी दो सवारियां मिलती। इन बस में से 1 बस पाली जिले के लिए थी, जबकि बाकी 6 बसें धरियावद, छोटीसादड़ी, पीपलखूंट और अरनोद के लिए चलाई गई थी। लेकिन हालात ये हुए कि जिले के अंदर का एक भी यात्री रोडवेज को नहीं मिला।
नतीजतन रोडवेज ये बसें चला ही नहीं सका। 3 जून का मामला फ्लॉफ होने के बाद रोडवेज ने 9 जून को एक बार फिर से दो बसें जयपुर और जोधपुर के लिए संचालित की। इसमें पर्याप्त यात्रीभार मिला। मंगलवार सुबह सवा 6 बजे जयपुर के लिए बस रवाना की गई। बस में 25 यात्री सवार थे। इसी प्रकार सुबह 8 बजे जोधपुर के लिए बस संचालित की गई, जिसमें 46 सवारियां थी। ऐसे में रोडवेज को पर्याप्त यात्रीभार मिला।
फिलहाल तो है घाटा
अब तक रोडवेज की जितने भी रूट पर बस सेवा शुरू हुई है रोडवेज को घाटा ही झेलना पड़ा, खास तौर पर पाली रूट पर रोडवेज ने लगातार 3 दिन तक केवल डीजल ही जलाया, कमाई के नाम पर कुछ नहीं मिला। पाली सवारी को चित्तौड़ छोड़ा, लेकिन वापसी में अगले दिन चित्तौड़ से भी मात्र 14 सवारियां मिली।
ऐसे में रोडवेज को आय मिलना तो दूर डीजल का भी घाटा उठाना पड़ा। तीन दिन पाली व जिले के अन्य स्थानों के लिए सवारियां नहीं मिलने पर रोडवेज प्रशासन ने इन सातों बसों की सर्विस लॉक कर दी थी।
22 जून से ये है रूट
22 जून शाम को 6 बजे पुराना बस स्टैंड से दलोट के लिए रोडवेज की बस चलेगी जो शाम 7.30 बजे दलोट पहुुंचेगी। इस दौरान चुपना में भी बस का ठहराव होगा। दलोट से ये बस सुबह 6.30 बजे उदयपुर के लिए रवाना होगी। जो दोपहर 12.30 बजे उदयपुर छोड़ेगी। इस दौरान चुपना, अरनोद, प्रतापगढ़, छोटीसादड़ी, निंबाहेड़ा, निकुंभ, मंगलवाड़, भटेवर मेंइस बस का ठहराव होगा।
उदयपुर से दोपहर 1 बजे ये बस रवाना होगी जो शाम को 5.30 बजे प्रतापगढ़ छोड़ेगी। इस दौरान उपरोक्स स्थलों पर बस ठहराव करते हुए पहुंचेगी। दोपहर 2.30 बजे भीलवाड़ा के लिए रोडवेज की बस पुराना बस स्टैंड से रवाना होगी। ये बस छोटीसादड़ी, निंबाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ में ठहरते हुए भीलवाड़ा जाएगी। शाम को 7.30 बजे ये बस भीलवाड़ा छोड़ेगी। भीलवाड़ा से अगले दिन सुबह 6.30 बजे प्रतापगढ़ के लिए बस रवाना होगी जो सुबह 11.30 बजे प्रतापगढ़ छाेड़ेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें