कोरोना संक्रमण की रोकथाम की व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को कलेक्टर संदेश नायक व विधायक पंडित भंवरलाल शर्मा ने पंचायत समिति में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली।कलेक्टर ने अधिकारियों से ब्लॉक स्तर पर संक्रमण की रोकथाम के लिए की गई व्यवस्थाओं सहित अन्य जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन व सरकार की एडवाइजरी के बावजूद अभी भी लोग सोशल डिस्टेंस का महत्व नहीं समझ रहे है, ऐसे में अधिकारी लोगों को इस संबंध में लोगों को प्रेरित करें तथा जरूरत पड़े पर सख्त कदम उठाते हुए चालान की कार्रवाई भी करें।
दूसरे राज्यों व रेड जोन से आने वाले लोगों की कड़ी निगरानी की जाए तथा उन्हें तत्काल क्वारेंटाइन किया जाए, ताकि पॉजिटिव होने की स्थिति में संक्रमण के खतरे से बचा जा सके।
विधायक शर्मा ने नगरपालिका ईओ प्रदीप कुमार से कहा कि जून के अंत तक प्रदेश में मानसून आने की उम्मीद है, ऐसे में शहरी क्षेत्र में जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर सभी व्यवस्थाएं की जाए, ताकि बाद में परेशानी ना हो। इसके अलावा गेनाणी व नाले-नालियों की सफाई करवाई जाए, ताकि बाजारों में पानी की निकासी आसानी से हो सके।
विधायक ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को राशन से जुड़ी कोई परेशानी ना हो, इसके लिए सभी मिलकर काम करें। इस दौरान तहसीलदार सुशील कुमार सैनी, बीडीओ संतकुमार मीणा, नगरपालिका ईओ प्रदीप कुमार, सहायक विकास अधिकारी दुर्गाराम पारीक, कांग्रेस नेता पूनमचंद तिवारी, मंडी चेयरमैन इंद्राज सारण आदि मौजूद थे।
मनरेगा कार्य में गबन की जांच करवाने की मांग
बैठक के बाद पिचकराई ताल के ग्रामीणों ने कलेक्टर व विधायक को ज्ञापन देकर गांव में मनरेगा कार्य के तहत रोजगार सहायक की ओर से किए गए गबन की जांच करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रोजगार सहायक की ओर से मनरेगा कार्य में गबन कर राजकीय कोष का दुरुपयोग किया जा रहा है। कलेक्टर ने मौके पर ही जिला परिषद सीईओ मामले की जांच करवाने के निर्देश दिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें