प्रतापनगर थाना इलाके में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसी के देवर को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया। आरोपी देवर को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने दो दिनों के रिमांड पर लिया है।
पुलिस ने बताया कि घर की ऊपरी मंजिल पर एक कमरे से मृतका का सामान हटाने की बात को लेकर विवाद हुआ था जो फिर झगड़े में बदला। देवर ने आवेश में आकर चाकू मार दिया था। जांच में सामने आया कि करीब छह माह पहले आरोपी ने अपने भाई के सिर पर लोहे की रॉड मारी थी। हालांकि बाद में दोनों के बीच समझाइश तो हुई पर उनकी बोलचाल बंद हो गई थी।
प्रतापनगर थानाधिकारी अमित सिहाग ने बताया कि सोमानी कॉलेज के पास राजीव गांधी कॉलोनी गली नंबर छह निवासी अब्दुल रशीद व भाई अब्दुल रफीक उर्फ लतीफ के बीच पैतृक मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। अब्दुल रफीक प्रथम मंजिल पर रहता था जबकि बड़ा भाई अब्दुल रशीद नीचे पत्नी व बच्चों के साथ रहते हैं।
बंटवारे को लेकर शुक्रवार शाम करीब चार बजे अब्दुल रफीक का भाभी सोनी (34) पत्नी अब्दुल रशीद के बीच झगड़ा होने लगा। आवेश में आने पर उसने चाकू निकाला और भाभी के सीने में चाकू के वार कर दिए थे। सोनी की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। देवर फरार हो गया था जिसे पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें