प्रदेश की सीमा सील हाेने की सूचना पर बुधवार दाेपहर बाद फिर से लॉकडाउन की अफवाह फैलने से शहर में अफरा-तफरी मच गई। बाजाराें में भीड़ उमड़ पड़ी। लोग बड़ी मात्रा में राशन खरीदने लगे। इसके चलते कुछ व्यापारियाें ने कालाबाजारी शुरू कर दी। सामान अधिक रेट पर बेचे जाने लगा। वहीं, पान मसाला, गुटखा, सिगरेट के दाम एकदम उछल गए। गुटखे दोगुने दाम पर बेचे जाने लगे। कई स्थानों पर किराने की दुकानों पर पुलिस ने पहुंचकर लोगों की समझाइश की। बाद में प्रदेश सरकार ने सीमा सील करने का फैसला वापस ले लिया।
शहर के भीमगंजमंडी, कैथूनीपोल, टिपटा, पाटनपोल, रामपुरा, वक्फनगर, कुन्हाड़ी, नांता, दादाबाड़ी, विज्ञान नगर सहित अन्य क्षेत्रों में किराने की दुकानों पर लोग अचानक पहुंचने लगे। रेलवे स्टेशन क्षेत्र की किराने की दुकानों पर कुछ ही समय में भीड़ हो गई। यही हाल कैथूनीपोल, रामपुरा टिपटा क्षेत्र की दुकानों पर रहा।
लोग खाद्य सामग्री अधिक मात्रा में लेने लगे। दुकानदारों ने अचानक चीनी के भाव 38 के स्थान पर 40 से 50 रुपए किलो कर दिए। साथ ही मूंगफली, सरसों के तेल के भाव भी बढ़ा दिए। दाल के भाव भी अधिक वसूले जाने लगे। थोक दुकानदारों ने भीड़ को देखते हुए रात 8 बजे के बजाय शाम को 5 से 6 के बीच ही दुकानें बंद कर दीं। कैथूनीपोल के अनिल टाटू ने बताया कि शक्कर महंगी बेची जा रही है। गुटखे महंगे कर दिए गए हैं।
थाेक विक्रेताओंके यहां लगी लंबी कतारें
गुटखा-पान-तंबाकू के बैन की आशंका पर बुधवार को अचानक इनके दाम दोगुने कर दिए गए। कई दुकानदारों ने स्टाॅक कर लिया। ऐसे में थोक विक्रेताओं के यहां भीड़ उमड़ने लगी। केईएम रोड स्थित थोक विक्रेता के यहां गुटखा-पान-तंबाकू खरीदने वालों लोगों की लंबी कतार देखने को मिली। सोशल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं होने के कारण थोक विक्रेताओं को दुकानें बंद करनी पड़ी। वहीं, लोगों की उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची। शहर में यह अफवाह रही कि सार्वजनिक स्थानों पर पान, गुटखे और तंबाकू की पीक थूकने के मामले लगातार सामने आने के बाद राज्य में गुटखा, पान, तंबाकू पर सरकार बैन लगा सकती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें