जिले में गुरुवार को कई इलाकों में तीसरी तो कई जगह चौथी बार टिड्डियों ने धावा बोला। दिन में तो ज्यादातर जगह लोगों ने थाली, परात, पीपे अौर डीजे आदि बजा कर इनको भगा दिया लेकिन उदयपुरवाटी इलाके में सौंथली, बामलास, टीटनवाड़ सहित करीब आठ जगह बुधवार की रात पड़ाव डालने वाली टिड्डियों को कृषि विभाग की टीम ने पूरी रात दवा का स्प्रे कर अल सुबह तक टिड्डी का खात्मा किया। विभाग का दावा है कि कपास की फसल को जरूर कुछ जगह नुकसान पहुंचा है। जिले के सिंघाना में गुरुवार को चौथी बार टिड्डियों ने हमला किया। सुबह जिला मुख्यालय पर भी वारिसपुरा, रीको, शास्त्रीनगर जैसे इलाकों में टिड्डियां पहुंची लेकिन लोगों ने शोर करके भगा दिया।

बुगाला

क्षेत्र में बुधवार शाम आए टिड्डियों के दल ने सौंथली के होलाना जोहड़ व आसपास के खेतों में पड़ाव डाला। सहायक कृषि अधिकारी सुभाष सीगड़ व कृषि पर्यवेक्षक कपिल तंवर ने की टीम मौके पर पहुंची और दवा का स्प्रे किया। विभाग की छह महिला कार्मिकों सहित 15 कार्मिक और अधिकारियों रात भर डटे रहे और 90 प्रतिशत दल का खात्मा कर दिया। इस दौरान उप सरपंच सुरेंद्र कुमार, वार्ड पंच सुरेश, नत्थूसिंह ख़ंरीटा, श्रीचंद, सुभाषचंद्र, अनिल ने सहयोग किया।

देवरोड, नरहड़, कुतुबपुरा में टिड्डियों ने कपास व बाजरे को नुकसान पहुंचाया

चिड़ावा : गुरुवार सुबह नरहड़, देवरोड में टिड्डियों ने कपास, चरी और बाजरा फसल को नुकसान पहुंचाया। टिड्डियों को भगाने के लिए कनस्तर-थालियां बजानी पड़ी। किसान नेता कामरेड रामचंद्र कुलहरि, बजरंगलाल बराला ने जिला प्रशासन से बचाव के उपाय तेज करने की मांग की है।
सूरजगढ़ : सुबह करीब 11 बजे वार्ड एक व मुख्य बाजार के ऊपर मंडराई टिड्डियों से दुकानदारों में एकबारगी अफरा-तफरी मच गई। कृषि अधिकारी रणवीर सिंह पूनिया ने बताया कि टिड्डी दल आकर मंड्रेला, दिलावरपुरा, लांबा आदि गांवों में ठहरा जहां रात को विभागीय टीम ने इनको कंट्रोल किया। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे बचा हुआ दल उड़ कर नरहड़, जीणी, काजड़ा, भापर, कुम्हारों का बास होते हुए सूरजगढ़ के वार्ड एक व मुख्य बाजार से गुजरते हुए जाखोद, लोटिया, बेरला आदि गांवों में पहुंचा।
मंडावा : बुधवार को टिड्डी दल क्षेत्र सहित निकटवर्ती गांव तेतरा, ढाका का बास, बाजीसर, किसारी, दीनवा सहित आसपास के इलाकों में पहुंचा। देर शाम लुमास, हेतमसर सहित पास के गांव में टिड्डी ने डेरा डाल दिया। किसानों ने बताया कि रात भर टिड्डियां बैठने के कारण फसल और पेड़ पौधों को नुकसान पहुंचा है। टिड्डी दल ने गुरुवार सुबह 10 बजे तक खेतों में डेरा डाले रखा। किसानों ने थाली व पीपे बजा कर इनको भगाया।
शिमला : गुरुवार को टिड्डी दल क्षेत्र के ककराय, दूदवा व आसपास के गांवों में पहुंचा। किसानों व ग्रामीणों ने खेतों व घर की छतों पर थाली, परात आदि बर्तन बजाए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top