डिस्कॉम में ऑनलाइन सेवाएं देने वाली आईटी कंपनी एचसीएल का सर्वर खराब होने से तीन दिन से बिजली के बिलों का ऑनलाइन भुगतान नहीं हो पा रहा है। सर्वर खराब होने से डिस्कॉम की आतंरिक ऑनलाइन सर्विस तो प्रभावित हुई ही, इससे ऑनलाइन बिल जमा करवाने वाले उपभोक्ताओं को खासी परेशानी हो रही है। निजी मोबाइल बैकिंग कंपनी के गेटवे से ऑनलाइन बिल का भुगतान होता है, लेकिन सर्वर से प्रोसेस ही ठप है। ऐसे में गत तीन दिनों से बिजली के बिल ऑनलाइन जमा नहीं हो रहे हैं।
अब उपभोक्ताओं के पास सिर्फ डिस्कॉम के कैश काउंटर पर ही बिल जमा करवाने का ऑप्शन है। डिस्कॉम की मुख्य लेखाधिकारी पुष्पा मित्तल ने बताया कि सर्वर में खराबी आने से ऑनलाइन पेमेंट जमा करवाने में दिक्कत आ रही है। डिस्कॉम की तकनीकी टीमें इसे दुरुस्त करने में जुटी हैं। मंगलवार तक ये सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
4 लाख लोग ऑनलाइन पेमेंट करवा रहे हैं जमा
जोधपुर डिस्कॉम में 40 लाख उपभोक्ता हैं। अभी हर माह 20 लाख उपभोक्ताओं को बिल जारी होते हैं। इसके बाद दूसरे माह 20 लाख उपभोक्ताओं के बिल जारी हाेते हैं। हर माह 20 फीसदी उपभोक्ता ऑनलाइन सेवा के विभिन्न माध्यमों से बिजली बिल जमा करवा रहे हैं। इस हिसाब से 4 लाख उपभोक्ता बिल ऑनलाइन भरते हैं।
कोरोनाकाल के बाद डिस्कॉम ने एक साथ तीन से चार माह के बिजली के बिल जारी किए हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को इसे जमा करवाने में दिक्कत आ रही है। नेट बैकिंग, मोबाइल बैकिंग कंपनियों तथा डिस्कॉम की साइट पर जाकर पेमेंट जमा होता हैं। पहले सिर्फ दो फीसदी तक ही उपभोक्ता बिल ऑनलाइन भरते थे। इसमें ऑफर मिलने के बाद बिल ऑनलाइन भरने वालों की तादाद बढ़ रही है।
एईएन ऑफिस के कैश काउंटर पर जाना होगा
बिजली उपभोक्ता किसी ई-मित्र काउंटर जाकर भी बिल जमा नहीं करवा पा रहे हैं। ई मित्र का पेमेंट गेट वे भी डिस्कॉम के सर्वर से जुड़ा होने के कारण पेमेंट नहीं ले रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं को सीधे डिस्कॉम के कैश काउंटर पर बिल जमा करवाने होंगे। अधिकांश कैश काउंटर डिस्कॉम के एईएन ऑफिस में हैं। कई स्थानों पर जेईएन ऑफिस में भी कैश काउंटर हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है। हालांकि मंगलवार तक सर्विस शुरू करने की कवायद चल रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें