राजस्थान-गुजरात से सटी सीमा पर रण ऑफ कच्छ के नजदीक बीकेडी सीमा चौकी के पास नाकाम हुई बड़ी घुसपैठ पाकिस्तान का सुनियोजित प्लान था। इस इलाकों में चौकसी का जिम्मा संभालने वाली बीएसएफ की बटालियन के बदलने के मौके का फायदा उठाने के लिए 10-12 लोगों की घुसपैठ की साजिश रची गई।
बटालियन बदलने के बावजूद यहां बीएसएफ गुजरात फ्रंटियर पूरी तरह से चौकस थी और रात में तारबंदी फांद रहे घुसपैठिए को मार गिराया। पश्चिमी सीमा पर इस तरह की बड़ी साजिश लंबे समय बाद हुई है। जांच में खुलासा हुआ है कि यहां से पाक नकली नोटों की बड़ी खेप और ड्रग्स की तस्करी करवाने की तैयारी में था, लेकिन पहला ही घुसपैठिया बीएसएफ के हाथों ढेर होते ही उसके पीछे आ रहे 10-12 लोग भाग गए। बीएसएफ गुजरात फ्रंटियर के डीआईजी एमएल गर्ग का कहना है कि बदले हालात के बीच बीएसएफ पूरी तरह से सतर्क है। इस मामले में और भी परतें खुलने की संभावना है।
घुसपैठिए को पागल बताने का प्रयास
कार्रवाई में मारे गए घुसपैठिए को पाकिस्तानी रेंजर्स पागल व नाबालिग बताने में जुटे हुए हैं। यह युवक 21-22 साल का है। पाकिस्तान में ही सीमा के नजदीक डेडरियाली गांव का रहने वाला है। इसकी मौत की जानकारी मिलने के बाद वहां के गांव वालों ने इसका विरोध किया। पाक रेंजर्स को युवक के पांवों के निशान और शिनाख्त करवाई गई।
इसके बाद रेंजर्स उसका शव लेने के लिए तैयार हो गए। पाकिस्तान पूरे मामले को दबाने के लिए इस युवक की दिमागी हालत सही नहीं बता रहा है, जबकि युवक के कपड़े और बॉडी सही थी, जिसे देखकर नहीं लगता कि वह पागल जैसा है। वहीं रात में बॉर्डर के पास आना और तारबंदी फांदने की कोशिश करना, यह पूरी तरह से प्लानिंग का हिस्सा है।
पाक ने नशे दे कर भेजे थे घुसपैठिए
दो दिन पहले बॉर्डर के पास घुसपैठ के लिए पाक से आए 10-12 लोग नशे में थे। इन्होंने स्थानीय युवक को आगे भेजकर बीएसएफ की तैयारी देखी। इन्हें किसी भी हालत में बॉर्डर पार करने का टास्क दिया गया था, लेकिन जैसे ही बीएसएफ ने घुसपैठिए युवक को मार गिराया तो बाकी लोग भाग खड़े हुए।
अब बीएसएफ इन लोगों के स्थानीय संपर्क व नेटवर्क की तलाश कर रही है। करीब एक दशक से शांत रहे इस बॉर्डर पर अचानक नकली नोट और फिर घुसपैठ की कोशिश से खुफिया व सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। थार एक्सप्रेस के बंद होने को लेकर भी तस्करी बढ़ने का कारण बताया जा रहा है। इसके तहत रविवार को बाड़मेर में 2 किलो से अधिक हेरोइन पकड़ी गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें