ग्राम सेवक को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने आई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम को नाकामी हाथ लगी। कार्रवाई की भनक लगने से ग्राम सेवक ने परिवादी से रुपए लेने से ही इनकार कर दिया। ऐसे में ब्यूरो की टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। गुरुवार को कार्यवाही करने आई ब्यूरो टीम के इंचार्ज इंस्पेक्टर मनीष वैष्णव ने बताया कि ग्राम सेवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

वैष्णव ने बताया कि ग्राम पंचायत रड़का बेरा के दो भाइयों जगदीश राम व श्रवणकुमार विश्नोई ने ब्यूरो में शिकायत की थी कि उनके नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास आवंटित है जिसकी दो किस्तें 15 हजार व 45 हजार रुपए प्राप्त हो चुकी है लेकिन तीसरी किस्त 60 हजार रुपए जारी करने के लिए ग्राम सेवक भंवरलाल लौहार 8 हजार रुपए की मांग कर रहा है।

शिकायत के सत्यापन के दौरान ग्राम सेवक 5 हजार रुपए में कार्य करने पर सहमत हो गया जिस पर गुरुवार को ट्रेप करने का प्लान किया। परिवादियों में से एक श्रवणकुमार विश्नोई स्वयं ग्राम सेवक के अधीन सहायक ग्राम सेवक के पद पर कार्यरत है।

सुबह करीब साढ़े नौ बजे परिवादी जगदीशराम व श्रवणकुमार विश्नोई रिश्वत की रकम लेकर ग्राम सेवक के इंदिरा कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचे और ग्राम सेवक को रिश्वत के रुपए देने चाहे लेकिन ग्राम सेवक भंवरलाल लौहार ने रुपए लेने से इनकार कर दिया। इस पर परिवादियों ने रुपए टेबल पर रख दिए और संकेत पाकर ब्यूरो की टीम भी आवास के अंदर पहुंच गई।

चूंकि ग्राम सेवक ने रुपयों को हाथ भी नहीं लगाया था इसलिए रंगे हाथ पकड़ने की योजना धरी की धरी रह गई। उल्लेखनीय है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने दो दिन पूर्व ही संजयनगर फलोदी में एक पटवारी को 35 सौ रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

इंस्पेक्टर मनीष वैष्णव ने बताया कि शिकायत का सत्यापन करने के दौरान ग्राम सेवक ने 5 हजार रुपए की मांग की थी इसलिए उसके विरुद्ध मुकदमा तो दर्ज किया जाएगा। ब्यूरो की टीम में इंस्पेक्टर मनीष वैष्णव के अलावा हैड कांस्टेबल प्रभुराम, दिलेश कुमार, भागीरथ, भूरसिंह आदि शामिल थे।
ग्राम विकास अधिकारी संघ ने जताया रोष
ग्राम विकास अधिकारी संघ ने ग्राम सेवक भंवरलाल लौहार के विरुद्ध की गई कार्यवाही पर रोष जताया है। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमरतन दवे ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अपने हित साधने के लिए भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। जानबूझ बदनियतीपूर्वक कर्मचारियों को फंसाया जा रहा है।

यह तत्व जबरदस्ती धन राशि कर्मचारी के परिवार जनों को उनके निवास स्थान पर रख कर फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। संघ ने ऐसे लोगों को पाबंद करने की मांग की है। संघ के ब्लॉक मंत्री बहादुरसिंह, जिला प्रतिनिधि दिनेश तंवर, राजेश निठारवाल, हिम्मतराज, लेखराज सैनी, विजयपाल, धनराज शर्मा आदि ने रोष व्यक्त किया है।




Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
रड़का बेरा ग्राम सेवक के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई विफल, प्रधानमंत्री आवास योजना की बकाया किस्त जारी करने की एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत थी, खाली हाथ लौटना पड़ा
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top