जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव को लेकर राजनीतिक दल तैयारियों में जुटे हुए हैं। भाजपा को जिला परिषद और पंचायत समिति की 349 सीटों पर 1700 से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं। वहीं कांग्रेस में महज 250 जिला कमेटी को मिले हैं। हालांकि कुछ आवेदन ब्लॉक स्तर और विधायको के पास जमा हुए हैं। दोनों पार्टियां गुरुवार शाम तक आवेदन लेंगी। इसके बाद तीन-तीन नामों का पैनल प्रदेश नेतृत्व को भेजा जाएगा। भाजपा कुछ सीटों पर गुरुवार को सूची जारी कर सकती है।
कांग्रेस शुक्रवार को सूची जारी करेगी। सूची जारी करने में देरी होती है तो संभावित प्रत्याशियों को नामांकन भरने के लिए संगठन की ओर से हरी झंडी दे दी जाएगी। इधर, माकपा को 120 आवेदन मिले हैं। जिले के कई दिग्गज नेता पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव में पारिवारिक सदस्यों के लिए राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं। लेकिन टिकट तय नहीं होने तक खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। पर्यवेक्षकों के समक्ष आवेदन के दौरान रजिस्ट्रर में इंट्री करने से भी बच रहे हैं।
कांग्रेस : मील बोले, कांग्रेस की कब्र खोदने वालों को पार्टी टिकट का इनाम देती है, ठीक नहीं होगा
कांग्रेस जिला पर्यवेक्षक डा. चंद्रभान ने जिला कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों से आवेदन लिए। जिला पर्यवेक्षक ने कहा, विधायक अपने क्षेत्र के प्रधान, प्रधान प्रत्याशी रहे और अन्य वरिष्ठ कांग्रेसजनों से चर्चा कर एक से तीन नामों को पैनल जिला कांग्रेस कमेटी को भिजवाए।
गुरुवार शाम तक प्रदेश कमेटी को नाम भेज दिए जाएंगे। निर्विवाद सीटों की सूची जल्द जारी कर दी जाएगी। कार्यकारी जिलाध्यक्ष पीएस जाट ने कहा, जीताऊ उम्मीदवार को टिकट दिया जाएगा। खंडेला से विधानसभा प्रत्याशी रहे सुभाष मील ने कहा, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की कब्र खोदने वालों को पार्टी टिकट का इनाम देती है तो ठीक नहीं होगा। कांग्रेस को हराने वाले लोग दावेदारी जता रहे हैं। ये सरकार को समर्थन कर रहे हैं। इसलिए सरकार इनको कुछ भी देती है तो कोई आपत्ति नहीं।
विधायक वीरेंद्रसिंह और नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी ने कहा, एकजुट होकर कांग्रेस के प्रधान और जिला प्रमुख बनाएंगे। मुस्लिम प्रोग्रेसिव फोरम के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद शरीफ ने कहा, मुस्लिम वोट बैंक का 98 फीसदी कांग्रेस को मिलता है, लेकिन टिकट वितरण में पार्टी इनकी अनदेखी करती है। मीटिंग में विधायक महादेवसिंह खंडेला, विधायक हाकम अली, कांताप्रसाद मौजूद रहे।
भाजपा : जिलाध्यक्ष चाैधरी ने खुद के लिए, बाजाैर, खर्रा और बाजिया ने परिजनों के लिए मांगा टिकट
भाजपा के प्रभारी रामचरण बोहरा बुधवार को सीकर आए। विश्वभारती कॉलेज में पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा की। गुरुवार शाम तक पहली सूची जारी होने की संभावना है। क्याेंकि गुरुवार को प्रदेश नेतृत्व ने जिला अध्यक्ष इंद्रा चौधरी और महामंत्री भंवरलाल वर्मा को जयपुर बुलाया है। उनसे चर्चा करने के बाद सूची को फ़ाइनल किया जाएगा।
भाजपा पदाधिकारियों ने जो तीन-तीन नामों का पैनल सौंपा है। इनमे कई चौंकाने वाले नाम शामिल है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिप सदस्य का चुनाव लड़ने के लिए खुद टिकट मांगी है। प्रेमसिंह बाजोर ने पुत्रवधू व भतीजे की बहू के लिए भी आवेदन किया है। जिला मंत्री भागीरथ गोदारा ने पंचायत समिति चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया है। श्रीमाधोपुर से विधायक रहे झाबरसिंह खर्रा और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बंशीधर बाजिया ने बेटों को चुनाव लड़वाने के लिए आवेदन किया है।
भाजपा जहां कमजोर, वहां बड़े चेहरों पर दांव खेलेगी
पार्टी ने ऐसे वार्डों का चयन किया, जहां पार्टी अब तक कमजोर साबित हुई है। वहां बड़े चेहरों को टिकट दी जाएगी। पंचायत समितियों में वार्ड से बाहर के प्रत्याशी को टिकट नही दिया जाएगा। पार्टी का मानना है कि जिनका खुद वार्ड में जनाधार नही, वो दूसरे वार्ड में जाकर नहीं जीत सकता।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें