भाजपा जयपुर शहर की नई टीम की घोषणा बुधवार को कर दी गई है। भाजपा शहर अध्यक्ष राघव शर्मा करीब 3 महीने में शहर की कार्यकारिणी बनाने में सफल रहे। जयपुर शहर की नई कार्यकारिणी में 17 पदाधिकारी बनाए गए हैं, जिसमें 7 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 7 जिला मंत्री बनाए गए हैं। इसमें सोशल इंजीनियरिंग के फाॅर्मूला के साथ पुराने व नए चेहरों का समावेश किया गया है। गौरतलब है कि निवर्तमान अध्यक्ष सुनील कोठारी के इस्तीफे के बाद राघव को यह जिम्मेदारी दी गई थी।
जयपुर शहर की नई टीम में अधिकतर पुराने चेहरों को तवज्जो दी गई है, नई कार्यकारिणी में अधिकतर चेहरे वे ही रहे जो शहर अध्यक्ष राघव के समय में सक्रिय थे और उनके नजदीकी भी माने जाते हैं। यानी नई कार्यकारिणी में विधायकों के चहेतों को कम तवज्जो दी गई है। हालांकि भाजपा के पूर्व विधायक घनश्याम तिवाड़ी के नजदीकी रहे कृष्ण मोहन शर्मा को महामंत्री और अजय पारीक को उपाध्यक्ष बनाया है। ये राघव शर्मा के करीबी भी हैं।
इसी तरह संगठन महामंत्री चंद्रशेखर के नजदीकी ज्योति मिश्रा और रेखा राठौड़ को जिला मंत्री नियुक्त किया है। हाल ही रेखा राठौड़ सिविल लाइन में कांग्रेस के मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास के वार्ड से पार्षद चुनी गई हैं। वे पूर्व विधायक अरुण चतुर्वेदी के नजदीक भी हैं। इसके अलावा विधायक नरपतसिंह राजवी के करीबी चंद्रप्रकाश सैनी और पूर्व पार्षद भंवरी कंवर को उपाध्यक्ष बनाया है।
इसी तरह सांसद रामचरण बोहरा के नजदीकी केदार शर्मा को मंत्री, पूर्व विधायक राजपालसिंह शेखावत के नजदीकी विमल कुमावत को उपाध्यक्ष, विधायक अशोक लाहोटी के करीबी पूर्व चेयरमैन नवरतन नराणियां को उपाध्यक्ष, कालीचरण सराफा के करीबी ब्रह्मकुमार सैनी को उपाध्यक्ष व मृदुला जैन को मंत्री और पूर्व विधायक सुरेंद्र पारीक की सिफारिश से स्नेहलता शर्मा को मंत्री और अशोक परनामी के नजदीकी अनुराग खेतान को जिला मंत्री बनाया गया है। जबकि तीन में से एक महामंत्री संघ से जुड़े तेजसिंह को बनाया गया है।
बड़ी चर्चा : 17 में से 7 मालवीय नगर विस क्षेत्र के
भाजपा जयपुर शहर की कार्यकारिणी में दो पूर्व पार्षद व एक वर्तमान पार्षद को मिली जगह। इनसे पहले के दो शहर अध्यक्ष कार्यकारिणी नहीं बना पाए थे। इसमें 7 पदाधिकारी मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में ही रहते हैं। इस कार्यकारिणी में जयपुर शहर अध्यक्ष राघव शर्मा, उपाध्यक्ष अजय पारीक, भंवरी कंवर, विमल कुमावत, नवरतन नराणियां, केदार शर्मा, चंद्र प्रकाश सैनी और ब्रह्मकुमार सैनी हैं। जिला महामंत्री कृष्ण मोहन शर्मा, कुलवंतसिंह व तेजसिंह नियुक्त किए गए हैं। जिला मंत्री अनुराग खेतान, केदार अग्रवाल, स्नेहलता शर्मा, मृदुला जैन, ज्योति मिश्रा, रेखा राठौड़ और रामचंद्र सैनी को बनाया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें