प्रसिद्ध शक्तिपीठ धनोप माता मंदिर में रविवार देर रात 3 बदमाश महज 14 मिनट में 25 लाख रुपए से ज्यादा कीमत के 40 किलाे वजनी चांदी के पाट और जेवर चुरा ले गए। हालांकि 50 किलाे से ज्यादा चांदी चाेरी हाेने से बच गई। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन बदमाश नजर आए हैं।
रविवार रात करीब 2.20 बजे तीन बदमाश धनाेप पहुंचे। इनमें एक मंदिर के बाहर खड़ा रहा। जबकि दो बदमाश मंदिर में घुसे। एक बदमाश चैनल गेट पर लगी सांकल का ताला खाेलकर निज मंदिर में घुस गया। वह लोहे के सरिए से पाट पर लगे चांदी के नक्काशीदार पतरे, मुकुट, छत्र निकालकर बाहर रखता गया, जबकि दूसरा इन्हें उठाकर बाहर खड़े साथी को देता गया। ये 14 मिनट में काम पूरा करके 2.34 बजे फरार हाे गए। रात करीब 3.30 बजे परिसर में ही सो रहे श्रद्धालुओं ने मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सत्येन्द्रसिंह राणावत को सूचना दी। राणावत ने फूलिया कलां थाने पर बताया। शाम करीब साढ़े 5 बजे एसपी प्रीति चंद्रा, डीएसपी देशराज गुर्जर ने मौका देखा। एएसपी विमलसिंह के अनुसार देवरिया, कोठियां, सागंरिया टोल नाकाें के सीसीटीवी फुटेज लिए गए हैं।

ऐसा पहली बार जब मंगला आरती नहीं हुई...पुलिस ने दिनभर में शाहपुरा टोल प्लाजा, केकड़ी टोल प्लाजा तथा कोठियां व देवरिया गांव में विभिन्न जगह पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आशंका है कि चाेराें ने पीछे की तरफ निर्माण कार्य के लिए लगा रखी सीढ़ी का इस्तेमाल किया। वहीं, रामप्रसाद पंडा के अनुसार मंदिर हजाराें साल पुराना है। ऐसा पहली बार हुआ कि मंगला आरती व शृंगार नहीं हुअा। सुबह की आरती दाेपहर 12 बजे बाद हाे सकी। चाेरी की सूचना फैलने के साथ ही मंदिर में लाेगाें का पहुंचना भी शुरू हाे गया।

मंदिर के अंदर तक बदमाशों ने की थी रैकी...संदिग्ध युवकों ने चाेरी से पहले मंदिर के अंदर की स्थिति तक की रैकी की होगी। उन्हें सुरक्षा व्यवस्था और स्टाफ की पूरी जानकारी थी। बदमाशाें काे पता था कि निज मंदिर में 60-70 किलाे चांदी मिल सकती है। इस कारण उन्हें चाेरी करने में महज 14 मिनट लगे। रविवार की वजह से श्रद्धालु ज्यादा पहुंचते हैं और काफी चढ़ावा आता है।


चाैकीदार छुट्टी पर, दूसरी तरफ साे रहे थे पुजारी...मंदिर में शिखर व धर्मशालाओँ का निर्माण कार्य चलने की वजह से निज मंदिर के पास साेने वाले पुजारी भी दूसरी तरफ सो रहे थे। जबकि मंदिर का चौकीदार रविवार काे छुट्टी पर गया हुआ था। निर्माण कार्य के चलते सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा था। यह सब जानकारी बदमाशाें काे थी जिससे उन्हें वारदात में आसानी रही।


सीसीटीवी का विजुअल साफ नहीं...हाॅल के बाहर अंधेरा रहता है। वहां लगे सीसीटीवी कैमराें का विजुअल साफ नहीं आ पाया है। हालांकि पुलिस काे यह सुराग मिल चुका है कि बदमाश किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस रास्ते से भागे? शाम को दौरे पर पहुंची एसपी ने ठेकेदार धन्नालाल माली के मजदूरों के बारे में डिटेल पता लगाने के लिए कहा है।

सुराग : एक स्थानीय काे साथ लिया... सीसीटीवी फुटेज में नजर आए बदमाशाें के हुलिये से पता चल रहा है कि वे हाई प्राेफाइल लाइफ स्टाइल जीते हैं। अंदर घुसे दाेनाें युवक जींस, टी-शर्ट, अच्छी जैकेट तथा जूते पहने हुए हैं। दाेनाें मास्क लगाए हुए हैं, जबकि एक ने सिर पर मफलर बांध रखा था और एक मफलर उसके हाथ में था। दाेनाें की उम्र करीब 28 से 30 वर्ष बताई जा रही है। संभावना है कि मंदिर में घुसे दाेनाें बदमाश बाहर के हैं, वहीं बाहर खड़े रहने वाले व्यक्ति के साथ ही स्थानीय से भी मदद ली हाे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
40 kg silver jewelry chari from Dhanop temple, miscreant gang rushed towards Sangaria
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top