केंद्र व राज्य सरकार की ओर से कोरोना को लेकर जारी गाइडलाइन की शत-प्रतिशत पालना करने वाले सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ निजी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को जिला प्रशासन मिशन जीवन रक्षा के तहत स्टार कैंपेन के नाम पर सम्मानित करेगा। इसके लिए शुक्रवार को ऐसे सरकारी ऑफिस व निजी प्रतिष्ठान का आकस्मिक निरीक्षण भी किया।
इस दौरान दो प्रतिष्ठानों को स्टार कैंपेन में सम्मनित करने का निर्णय लिया गया। इधर, वर्षों पहले लोगों के परिवहन का मुख्य साधन रहे तांगों पर कोरोना जागरूकता से संबंधित बैनर लगाकर रैली निकाली गई। यह तांगा रैली बरकतुल्लाह खान स्टेडियम से जालोरी गेट पर संपन्न हुई। महापौर दक्षिण वनिता सेठ ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
वहीं, पर्यटन विभाग और नगर निगम के संयुक्त तत्वाधान में मंडोर गार्डन में मास्क वितरित किए गए। पर्यटन अधिकारी सरिता फिड़ौदा, सहायक पर्यटन अधिकारी अनिल लोल ने पीएफ जवानों के साथ मिलकर 500 से अधिक मास्क वितरित किए। तांगा रैली को रवाना करने के बाद महापौर सेठ ने कहा कि निगम और जिला प्रशासन के इस प्रयास के साथ हम सभी लोगों को सकारात्मक भागीदारी निभानी चाहिए। आयुक्त दक्षिण अमित यादव ने कहा कि जनता के सहयोग के कारण ही जन आंदोलन अभियान सफल हो रहा है।
प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण
जिला प्रशासन व निगम की ओर से मिशन जीवन रक्षा के तहत शुरू किए गए स्टार कैंपेन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह ने कमेटी सदस्यों के साथ भाटी चौराहे पर फ्रेश एंड ग्रीन और 15 एडी शॉप का निरीक्षण किया और कोरोना रोकथाम को लेकर उनकी ओर से बरती जा रही एहतियात व सावधानियों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने बताया कि यहां आने वाले ग्राहकों को हाथ सेनेटाइज करवाने के बाद तापमान जांचकर ही प्रवेश दिया जा रहा है और निर्धारित संख्या से अधिक ग्राहकों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। दोनों प्रतिष्ठानों को स्टार कैंपेन प्रोग्राम के तहत स्टार प्रतीक देकर सम्मानित किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें