शहर के समीप बड़गांव के पालड़ी और कटारा क्षेत्र में रविवार रात सड़क पर पैंथर दिखाई देने से लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग ने नाइट पेट्रोलिंग शुरू कर दी है। ग्रामीणों को पैंथर दिखाई देने पर एहतियात के तौर पर पटाखे छाेड़ने और आग जलाने के बारे में भी बताया गया है।
बताया जा रहा है कि यह पैंथर मादा है और उसके साथ दो शावक भी हैं। ऐसे में वन विभाग ने पिंजरे नहीं लगाए हैं। वन विभाग का मानना है कि पिंजरा लगाया और मादा उसमें फंस गई तो उसके शावकों को अन्य वन्यजीवों से खतरा पैदा हो जाएगा। जहां ये पैंथर दिखाई दिया है वह इलाका शहर से करीब 7 किमी दूर है। यहां करीब करीब 1500 लोगों की आबादी है। ग्रामीणों ने पैंथर को पालड़ी महादेव मंदिर मार्ग पर घूमते हुए देखा तो वन विभाग को सूचना दी। वीडियो भी बनाया। बड़गांव सरपंच संजय शर्मा ने बताया कि एक माह पहले पालड़ी में एक व्यक्ति की माैत हुई थी। संदेह जताया गया था कि उस पर तेंदुए ने हमला किया। हालांकि रिकाॅर्ड में इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों से कहा-पटाखे चलाएं, ताकि भाग जाए
रेंजर दिलीप सिंह ने बताया कि गांव के पीछे नीलगिरि का पहाड़ी क्षेत्र है। तेंदुए ने अपनी टेरिटरी वहीं बना रखी है। सूचना मिलने के बाद से ही टीम रात्रि गश्त कर रही है। ग्रामीणों से पटाखे छाेड़ने और आग जलाने जैसे साधन अपनाने को कहा है, ताकि यह अपनी टेरिटरी बदल ले।
दूधतलाई, शिकारबाड़ी क्षेत्र में भी दिख चुके तेंदुए
शहरी क्षेत्र में पैंथर के घूमने का यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले बेदला पुलिया के पास, दूध तलाई, शिकारबाड़ी, देबारी, चीरवा घाटा, यहां तक कि सिटी पैलेस में भी तेंदुए का मूवमेंट हो चुका है। माछला मगरा पर तेंदुआ आए दिन कुत्ताें के शिकार के लिए आ जाता है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से उसकी हलचल नहीं है। कुछ समय पहले शिकारवाड़ी में भी एक घर के बाहर से कुत्ते का शिकार करते हुए तेंदुए का मूवमेंट दिखाई दिया था। अब पालड़ी और कटारा क्षेत्र के लोग शाम ढले घर से निकलने में डर रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें