शहर में कबाड़ी बनकर मकानों और दुकानों की रैकी कर फिर वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाशों को कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि बदमाश रानाप्रताप उर्फ राणा पुत्र गंभीरा बाल्मीक निवासी सूर्या फैक्ट्री के पास थाना मालनपुर मप्र हाल फुटपाथ धौलपुर व रवि पुत्र शिव सिंह लोधी निवासी जागीरदारपुरा थाना कौलारी हाल रिसाला थाना गोपालगंज धौलपुर को 23 जून की रात जगदीश तिराहा स्थित दो दुकानों राहुल क्वालिटी सेन्टर व शिवम मिष्ठान भण्डार में सेंध लगा कर दुकान से सामान व गल्ले से नगदी चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि चोरों ने एक गिरोह बना रखा है। जो दिन में कबाड़ का काम करते हुए दिन में फेरी करके मकानों और दुकानों की रैकी करते हैं। इसके बाद रात को शराब पार्टी करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरों के गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्होंने शहर में कई चोरी की वारदातों को करना स्वीकार कर लिया है। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी गई है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि चोर गिरोह के बदमाश शहर में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोरी के सामान को सूने स्थान में छिपा देते थे। इसके बाद दूसरे दिन ये चोरी के सामान को साइकिल व रिक्शे में लादकर ले जाते थे। कबाड़ का काम करने के कारण इन पर कोई शक नहीं करता था।
सामान खरीदने वाले कई कबाड़ी भी संदेह के घेरे में
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि पकड़े गए दोनों चोरों ने पूछताछ में बताया है कि वे चोरी के सामान को तोड़फोड़ कर स्क्रैप बना देते थे, ताकि लोगों को लगे कि टूटा सामान कबाड़ में बेचा गया है। सामान को धौलपुर के साथ आगरा की तरफ भी बेच देते थे। आरोपी राणा अक्सर रेलवे स्टेशन व हाइवे के ओवरब्रिज पर रात्रि में सोता है व वहीं पर ये सब मिलकर पार्टी करते हैं। एसपी मृदुल कच्छावा ने चोरी का सामान खरीदने में शहर के कुछ बड़े कबाड़ियों के भी शामिल होने की संभावना जताई है।
पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ कई मामले दर्ज
चोर गिरोह के पकड़े गए दो बदमाशों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि आरोपी रानाप्रताप उर्फ राणा पुत्र गंभीरा बाल्मीक मालनपुर मप्र का रहने वाला है। जिसके खिलाफ मध्यप्रदेश में चोरी के करीब आठ मामले दर्ज हैं। इसका दूसरा साथी रानू उर्फ अरुण पुत्र नबाब गुर्जर निवासी बधा थाना सिविल लाईन मुरैना मध्यप्रदेश हाल प्रेम नगर थाना निहालगंज धौलपुर वक्त बथुआ से फरार है, जो इनका लीडर है तथा वह सैंधमारी करने में शातिर है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें