कोविड-19 ने हमारी कई पुरानी धारणाओं को बदल दिया है। उनमें से एक है खरीदारी। यह बदलाव सेामवार काे उस समय नजर आया जब लाॅकडाउन-5 में सरकार की रियायत के चलते पूरे 78 दिन बाद माॅल और मल्टी स्टोर शोरूम खुल गए और लाेग खरीदारी करने पहुंचे।
लोग भीड़ से बचते नजर आए, जहां ज्यादा लोग दिखे, वहां खुद ही दूरी बना ली। हर किसी के पर्स या जेब में सेनेटाइजर है। सबसे ज्यादा फर्क अब कैश काउंटर पर नजर आ रहा है। खरीदार या तो ऑनलाइन पेमेंट कर रहे हैं या फिर राउंड फिगर में बिल बनवा रहे हैं ताकि छुटे पैसे ना लेने पड़ें। साथ ही घर से ही बैग लेकर निकलते हैं।
दरअसल, कोरोना संक्रमण के चलते जनता कर्फ्यू (22 मार्च) और उसके दूसरे दिन से लागू लॉकडाउन के चलते मॉल और मल्टी स्टोरीज शोरूम बंद कर दिए गए थे। 1 जून काे अनलॉक होने के बाद भी पहले चरण में इनको छूट नहीं दी गई, क्योंकि सरकार को लगता था कि एक साथ फुटफॉल ना बढ़ जाए, इसलिए गाइडलाइन के अनुरूप धीरे-धीरे रियायत बढ़ाई जा रही है।
पहले दिन मॉल में सामान भरे पड़े थे और ग्राहकों की चहल-पहल भी रही। अधिकतर जगह ग्राहकों काे सेनेटाइजर से हाथ धुलवाकर और टेंपरेचर जांचने के बाद एंट्री दी गई ताे कुछ जगह पर रजिस्टर में पता और मोबाइल नंबर भी लिखवाए गए, वहीं बड़े माॅल में हैंड ग्लव्ज पहनाए गए और लिफ्ट के इस्तेमाल के लिए टूथपिक रखी गई थी।
- नेशनल हैंडलूम
प्रतापनगर स्थित नेशनल हैंडलूम में एंट्री गेट पर ही टेंपरेचर चैक किया गया। सही टेंपरेचर निकला ताे सेनेटाइजर से हाथ धुलवाए गए। उसके बाद प्रवेश दिया गया। कर्मचारी भी मास्क और हैंड ग्लव्ज पहने हुए थे। ग्राहक एक जगह इकट्ठे ना खड़े हों, इसलिए माइक पर बार-बार अपील की जाती रही। ग्राहक कपड़ों की खरीद कर सकते हैं, लेकिन ट्रायल की इजाजत नहीं है।
फिलहाल ग्राहकों को दाे दिन में चेंज की छूट दी गई है। कैश काउंटर पर भीड़ कम करने और सोशल डिस्टेंसिंग रखने के लिए कंप्यूटर की संख्या बढ़ा दी गई। मैनेजर अशोक राजपुरोहित ने बताया कि जगह बड़ी है, इसलिए ग्राहक एक जगह पर खड़े नहीं होते हैं, फिर भी सीसीटीवी से नजर रख रहे हैं। बगैर मास्क प्रवेश नहीं दिया गया।
- बिग बाजार
ओलंपिक रोड स्थित बिग बाजार में प्रवेश के दौरान ही सोशल डिस्टेंसिंग के लिए चिह्न बनाए गए हैं। हर आने वाले का टेंपरेचर देखने के बाद हाथ सेनेटाइजर किए गए। इसके बाद ग्लव्ज दिए गए। फिर रजिस्टर में नाम और मोबाइल नंबर लिखने के बाद ही प्रवेश दिया गया। अंदर लोगों को दूर-दूर खड़े होने की हिदायत दी गई। आठ कैश काउंटर बनाए गए हैं।
कपड़ों की खरीद के लिए ग्राहकों को कपड़े देखने और साइज देखने की इजाजत है, लेकिन ट्रायल की अनुमति नहीं है। हालांकि ग्राहकों को एक माह का समय दिया जा रहा है। अगर बिल सुरक्षित है तो वह एक माह में चेंज करवा सकते हैं। मैनेजर संदीप व्यास ने बताया कि कोरोना वायरस के चलते पूरी एेहतियात और सरकारी निर्देशों की पालना की जा रही है।
- रिलायंस मॉल
सरस्वती नगर स्थित रिलायंस मॉल में भी प्रवेश द्वार पर ही सेनेटाइजर मशीन लगी है। टेंपरेचर चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। लिफ्ट में प्रवेश लिमिटेड ही दिया जा रहा है। साथ ही टूथपिक रखी हुई है, ताकि हाथ का यूज ना हो। वापसी के लिए पर्याप्त समय दिया जा रहा है। इसके अलावा पार्किंग में भी सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।
यहां कपड़ों की खरीद तो कर सकते हैं, लेकिन फिलहाल चेंज और रिफंड की सुविधा नहीं दी गई है, ना ही ट्रायल कर सकते हैं। इसलिए लोग फिलहाल कपड़ों की खरीद कम कर रहे हैं। इसी तरह रातानाडा स्थित रिलायंस फ्रेश में भी प्रवेश करने वाले ग्राहक नाम और मोबाइल नंबर लिया जा रहा है। टेंपरेचर चैक किया जा रहा है।
- रेस्तरां
लंबे इंतजार के बाद साेमवार से शहर की होटल्स और रेस्तरां में बैठने की सुविधा शुरू हुई। पहले दिन कुछ जगहों पर कस्टमर पहुंचे। संक्रमण से बचने के लिए होटल्स पूरी गाइडलाइन की पालना कर रहे हैं। गेट पर सेनिटाइज करने से लेकर रूम सर्विस और टेबल पर सर्विस में ऐहतियात बरती जा रही है।
जोन बाय द पार्क में बैठने में टेबल्स की दूरी की गई है। एक टेबल पर दो से ज्यादा लोग नहीं बैठ सकेंगे। यहां रेस्तरां में बारकोड बेस्ड मैन्यू तैयार किया गया है। हर टेबल पर बार कोड लगा है जिसे स्कैन करके ऑर्डर लिया जा रहा है। होटल के जीएम हरीश सिंह ने बताया कि जिनके पास बार कोड स्केनर नहीं होगा, उसे होटल स्टाफ लिंक भेजा जाएगा। ग्लव्ज, मास्क और कैप पहने वेटर जैक स्टैंड में फूड लाए जिसे कस्टमर्स ने अपने हाथों से लिया।
फिलहाल वेटर सर्व नहीं करेंगे। पूरी तरह से सेल्फ सर्विस के द्वारा ही कस्टमर को होटल में बैठना पड़ा और दूर रहकर बात करनी पड़ी। यहां डिस्पोजल क्रॉकरी यूज की जा रही है। शेफ निरंजन भाटी ने बताया, पहले 150 से ज्यादा डिशेज थीं, जिन्हें फिलहाल कम कर 40 से 50 कर दी है।
होटल : हर रूम में बारकोड, इसी से होगा पेमेंट
होटल्स ने सोमवार से रूम बुकिंग और सर्विस भी शुरू कर दी है। हालांकि पहला दिन होने के कारण कस्टमर सिर्फ इंक्वायरी के लिए ही आए। वेडिंग के लिए इंक्वायरी शुरू हो गई है। सभी होटल्स में गेट पर थर्मल स्केनिंग और सेनिटाइजर की व्यवस्था की गई है।
होटल श्रीराम एक्सीलेंसी ग्रुप के डायरेक्टर विपिन पंवार ने बताया, फिलहाल रूम में सर्विस नहीं की जाएगी। वेटर ट्रे में खाना लाएंगे और बाहर ही रखकर चले जाएंगे। हर रूम में बारकोड होंगे जिनसे ऑर्डर, बिलिंग और पेमेंट हो जाएगा। यहां ऑनलाइन चेकइन फेसिलिटी भी शुरू हो रही है ताकि रजिस्टर में एंट्री से लेकर रूम तक पहुंचने में कहीं संक्रमण का डर न रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें