शहर में टेल्को सर्किल के पास स्थित विज्ञान नगर के रास्ते में शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे एक युवक ने पहले अपनी विवाहिता प्रेमिका की गला रेत कर हत्या कर दी। इसके बाद चाकू से खुद का गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना का पता चलने पर लाेगाें ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
एएसपी ग्रामीण श्रीमन लाल मीणा व सदर थाना पुलिस ने पहुंचकर मौका-मुआयना किया। पुलिस ने माैके से वारदात में उपयोग लिया चाकू बरामद किया है। पुलिस ने लहुलुहान हालत में पड़े मिले महिला व पुरुष को एम्बुलेंस से सामान्य अस्पताल भिजवाया, जहां डाॅक्टराें ने 30 वर्षीय महिला ताऊदेवी बंजारा को मृत घोषित कर दिया जबकि 35 वर्षीय मुकेश पुत्र हीरालाल जाटव निवासी कटोरी वाला नंगला रायसिस रोड की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज सामान्य अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया है।
थानाधिकारी रामनिवास मीणा ने बताया कि सरदारा सिंह बंजारा निवासी गांव खायड़ा जिला पाली हाल धोलीदूब झुग्गी झोपड़ी थाना सदर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह 8 बजे उसकी पत्नी ताऊदेवी बंजारा को मिस्त्री मुकेश जाटव अपने साथ बाइक पर बैठाकर बेलदारी के काम पर ले गया था। रास्ते में मुकेश ने उसकी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। मुकेश का उसके घर पर काफी समय से आना-जाना था।
थानाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या जांच में यह मामला प्रेम-प्रसंग का है। आरोपी मुकेश जाटव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए, घायल युवक की बाइक बरामद
एफएसएल टीम ने घटना स्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं पुलिस ने घटना स्थल के पास से घायल युवक मुकेश की बाइक बरामद की है। इस दौरान मौके पर आसपास के काफी लोग तमाशबीन के रूप में एकत्र हो गए।
दाेनाें शादीशुदा, मृतक महिला के हैं 3 बच्चे
मृतका के पति सरदारा सिंह बंजारा ने बताया कि सुबह पत्नी ताऊ ने खाना बनाकर बच्चों को खिलाया। इसके बाद मिस्त्री मुकेश उसकी झुग्गी झोपड़ी पर आया। यहां से उसकी पत्नी ताऊ काे अपनी बाइक पर बैठाकर अपने साथ बेलदारी के काम पर ले गया। बाद में सरदारा बंजारा गांव जटियाना में मजदूरी करने चला गया। कुछ देर बाद ही पुलिस ने घटना की जानकारी दी कि उसकी पत्नी की हत्या कर दी गई है।
मृतक महिला के 3 संतान दो बेटे व एक बेटी है। घायल मुकेश जाटव भी शादीशुदा है लेकिन उसके कोई संतान नहीं है। उसने भतीजी को गोद लिया हुआ है। पुलिस ने घटना की सूचना घायल मुकेश के परिजनों को दी लेकिन उसके परिवार का कोई भी व्यक्ति अस्पताल या माैके पर नहीं पहुंचा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें