ग्राम पंचायत श्यालावास कला में नरेगा में रोजगार की मांग को लेकर शुक्रवार को महिलाओं ने आईटी केंद्र पहुंचकर प्रदर्शन व नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे पंचायत के कर्मचारियों ने समझाइश कर काम देने का आश्वासन दिया।
सुबह करीब 10:00 बजे दर्जनों महिलाएं यहां मेगा हाईवे पर बने ग्राम पंचायत श्यालावास कला के आईटी केंद्र पर पहुंच गई तथा यहां के मुख्य गेट को बंद करने का प्रयास किया। महिलाओं ने नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए बताया कि उन्हें नरेगा योजना के अंतर्गत काम नहीं दिया जा रहा है। जबकि कुछ लोगों को लगातार काम मिल रहा है। कार्य वितरण में भेदभाव पूर्ण रवैये को लेकर उन्होंने नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए कहा कि सरकार एक और इसको कोरोना काल में रोजगार देने की बात कह रही है, वहीं उन्हें नरेगा में रोजगार के लिए भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वे नरेगा में काम के लिए आवेदन भी कर चुकी हैं। इसके बाद भी उन्हें नरेगा में काम नहीं दिया जा रहा है। जबकि कुछ लोगों को लगातार काम दिया जा रहा है। प्रदर्शन व नारेबाजी को देखते हुए यहां पहुंचे पंचायत के कर्मचारियों ने महिलाओं को नरेगा में काम देने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इसे लेकर ग्राम पंचायत के एलडीसी मुकेश गुर्जर का कहना है कि महिलाओं के आरोप निराधार हैं एक जॉब कार्ड में तीन तीन लोग काम के लिए आवेदन कर रहे हैं, जबकि एक काम पर 70 लोगों की लिमिट है। इनको नई मस्टररोल में काम दिया जा रहा है। बीडीओ मोहन सिंह का कहना है कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है, नरेगा में जरूरतमंदों को रोजगार दिया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें