उम्मीद के मुताबिक बुधवार को मानसून भरतपुर जिले में प्रवेश कर गया। दिल्ली के रास्ते कामां होकर आया मानसून भरतपुर को भिगोता हुआ वैर-रूपवास की ओर बढ़ गया। पहले दि्न भरतपुर में 28 एमएम बारिश हुई। दोपहर 3 बजे से करीब 40 मिनट हुई बारिश के वेग को भरतपुर शहर के नाले-परनाले नहीं सह सके। इसलिए जामा मस्जिद, दही वाली गली, मथुरा गेट, बुध की हाट, रंजीत नगर, वासन गेट सहित अधिकांश इलाकों में पानी भर गया।

लोगों ने भीग कर पहली बारिश का स्वागत किया। इस बारिश से मौसम में ठंडा हो गया और भीषण गर्मी से राहत मिली है। यह मानसून इस साल एक दिन पहले आया है। पिछली बार संयोग से 25 जून को मानसून आया था और उस दिन मंगलवार था। जबकि वर्ष 2018 में 27 जून को ही मानसून आया था। जिले में औसत बरसात 557.60 होती है।

उम्मीद की जा रही है कि इस बार मानसून की सामान्य बरसात होगी, यानि ताल-तलैया सब भर जाएंगे और अगली गर्मियों में पानी का संकट नहीं रहेगा। इधर, बुधवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो गत दिवस से 3.5 डिग्री कम है। रात का तापमान 28.2 रहा।

दो वजह... जिनसे बना बरसात का सिस्टम, जमकर बरसे मेघ

  • बंगाल की खाड़ी में 8 किमी ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवात बना। मौसम विशेषज्ञ आरके सिंह के अनुसार इसी वजह से मानसून सक्रिय हुआ है। अगले दो दिन बारिश होने के आसार है। इसलिए आर्द्रता 87 प्रतिशत बनी हुई है।
  • मानसून टर्फ लाइन जाे यूपी से एमपी के ऊपर बनी थी। वह खिसक कर पूर्वी राजस्थान में आ गई है। इससे भरतपुर सहित पूर्वी राजस्थान में भी बारिश हुई।

ज्योतिष... आषाढ़ से आश्विन में 62 दिन पूरे देश में होगी पर्याप्त बारिश

ज्योतिषियों का मानना है कि आषाढ़ से आश्विन चार माह में लगभग 62 दिन बारिश होगी। पंडित मनु मुदगल का कहना है कि सूर्य के चार माह क्रमश: मिथुन, कर्क, सिंह कन्या राशि में रहने और रोहिणी का वास समुद्र में होने से ये समय वर्षा के लिए अनुकूल रहेगा अर्थात पूरे देश में पर्याप्त वर्षा होगी।

इसके अलावा शुक्र ग्रह का गुरुवार से मार्गी होना भी बारिश की अनुकूलता लाएगा। 5 जुलाई को पूर्णिमा, 20 जुलाई को अमावस्या और 3 अगस्त पूर्णिमा के आसपास भारी वर्षा हो सकती है।

खेती, आजकल में करें बुवाई

जिले में खरीफ की फसल का लक्ष्य 2.34 लाख हैक्टेयर है। इसमें 30 हजार 167 हैक्टेयर में बुवाई हुई है। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक देशराजसिंह ने बताया कि बुवाई के लिए यह उपयुक्त समय है। जिन किसानों ने बुवाई नहीं की है, वे तुरंत बुवाई करें।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
The monsoon soaked an inch as soon as it came to Bharatpur.
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top