काेराेना काल में पैदा हुए आर्थिक संकट के इस दौर में पीएफ क्लेम राशि निकालने वाले खाताधारकों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) क्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इस साल अप्रैल से 13 जुलाई तक साढ़े तीन माह में 24214 खाताधारकों ने 68.31 करोड़ पीएम क्लेम राशि निकाली है।
जबकि वर्ष 2019 में अप्रैल से जुलाई तक चार माह में 21761 खाताधारकों ने 125.29 करोड़ पीएम क्लेम राशि निकली थी। जुलाई की 13 तारीख तक 4612 खाताधारक 12.83 करोड़ क्लेम राशि निकाल चुके हैं। जबकि पिछले साल जुलाई के 30 दिनों में 6142 खाताधारकों ने 31.81 करोड़ क्लेम राशि निकाली थी। उदयपुर ईपीएफओ में 13 लाख खाते हैं, इनमें से ढाई लाख एक्टिव हैं।
अधिकारियाें का मानना है कि लंबे लाॅकडाउन के कारण लाेगाें की आमदनी कम हुई है। ऐसे में कई परिवार आर्थिक परेशानियां भी झेल रहे हैं। बैंक या किसी दूसरे जरिए से लाेन लेने के बाद इंस्टालमेंट भी चुकानी हाेती हैं और फिलहाल बाजार भी पूरी तरह काेराेना संकट से मुक्त नहीं हुआ है। यानी आय अनिश्चित है। इसे देखते हुए ज्यादातर खाताधारक घर खर्च के लिए एडवांस पीएफ क्लेम राशि निकाल रहे हैं। फाइनल सेटलमेंट नियमानुसार नौकरी छोड़ने के दो महीने बाद किया जा सकता है।
अधिकारियाें का दावा- तीन दिन में कर रहे क्लेम का पैमेंट
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन उदयपुर के क्षेत्रीय आयुक्त-प्रथम धनवंत सिंह बताते हैं कि 2020 के मई में 6026 खाताधारकों ने पीएफ क्लेम राशि निकली है, जो गत वर्ष मई के 4857 खाताधारकों के मुकाबले 1169 ज्यादा है। जून 2020 में 8619 खाताधारकों ने क्लेम राशि निकाली है, जो पिछले साल जून के 5825 खाताधारकों की तुलना में 2794 ज्यादा है।
जुलाई की 13 तारीख तक 4612 क्लेम राशि निकाल चुके हैं, जबकि गत वर्ष पूरे जुलाई माह में 6142 खाताधारकों ने क्लेम किए थे। खाताधारक तीन माह के वेतन के बराबर या अकाउंट में जमा राशि का 75% हिस्सा निकाल सकते हैं। विभाग के कर्मचारी तीन-तीन दिन में दावों का भुगतान करने पर जोर देते आ रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें