बाड़मेर जिले में कोरोना का विस्फोट थमने का नाम नहीं ले रहा है। वजह साफ है कि बेकाबू हुए कोरोना को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से फिर से लॉकडाउन का भी कदम उठाया गया, लेकिन जिले में अब भी उसी तरह की रफ्तार है। सोमवार को एक ही दिन में 30 कोरोना पॉजिटिव केस आए।
बालोतरा के नाहटा चिकित्सालय में कार्यरत फिजिशियन की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा बालोतरा से 5, जसोल से 2, पचपदरा से 3, कनाना, पारलू, कालूड़ी, आकड़ली व सांभरा से 1-1 पॉजिटिव सामने आया है।
बालोतरा के नीमड़ी बास एक ही परिवार से दो लाेग पॉजिटिव आए हैं। वही उमेदपुरा में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जो कुछ दिन पहले गांधीपुरा में आयोजित विवाह समारोह में शरीक हुआ था। वही गांधीपुरा में मिला एक पॉजिटिव सब्जी मंडी में काम करता था। इसी तरह जसोल के वार्ड संख्या 2 में एक युवक पॉजिटिव मिला है, वही तेरापंथ भवन के पास रहने वाले एक श्रमिक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
यह जसोल की फैक्ट्री में काम करता है । इसी फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिक की रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आ चुकी है। आकड़ली निवासी एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जो हैदराबाद से आए प्रवासी के संपर्क में आया था। यह कंदोई का काम करता है।
कनाना गांव में एक पॉजिटिव आया है, जो अपने परिवार में पहले पॉजिटिव आए युवक के संपर्क में आया था। साथ ही पारलू से मिला पॉजिटिव युवक कुछ दिन पहले ही बारगांव से आया था। इसी तरह पचपदरा से तीन पॉजिटिव और सामने आए हैं ।इसमें दो लोग कुछ दिन पहले ही म्रत्यु भोज में शरीक हुए थे। वही एक युवक रानीवाड़ा का निवासी है जो 4 जुलाई को पचपदरा आया था। उसी दिन ही सैंपल लेने के बाद वापस रानीवाड़ा चला गया था।
सोमवार सुबह बालोतरा सहित आसपास के क्षेत्र में 15 पॉजिटिव मरीज सामने आए थे, वही शाम को 8 और मरीज सामने आए हैं। जिसमें बालोतरा के वार्ड संख्या 11 से एक, वार्ड संख्या 13 से 1, वार्ड 10 से 1 व नयापुरा क्षेत्र से 2, नेहरू कॉलोनी से 1 पॉजिटिव सामने आया है।
बाड़मेर: कोविड सेंटर में अव्यवस्थाएं, खाने की क्वालिटी सही नहीं
बाड़मेर जिला मुख्यालय, बालोतरा के नाकोड़ा में स्थापित कोविड सेंटरों में भर्ती मरीजों को समय पर खाना नहीं मिलने और क्वालिटी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही है। बाड़मेर के आईटीआई कॉलेज की छात्रावास में स्थापित कोविड सेंटर में जली हुई रोटियां और घटिया सब्जी की क्वालिटी को लेकर कुछ दिन पूर्व भी वीडियो वायरल हुए थे।
इसके सुबह का खाना दोपहर 12 बजे बाद मिलने और रात को 10-11 बजे खाना मिलने की शिकायत थी। भास्कर से माेबाइल पर बातचीत में कोविड सेंटर आईटीआई कॉलेज में भर्ती मरीज ने बताया कि उन्हें खाना सही नहीं मिल रहा है। नहाने के लिए नई बाल्टी, टूथपेस्ट, सेनेटाइजर, साबुन की किट दी जानी चाहिए, जबकि विभाग की ओर से अब पुरानी बाल्टी और आधा-अधूरा किट दे रहे हैं।
एक ही परिवार के एक से ज्यादा सदस्य भर्ती होने पर एक जने को ही किट दिया जाता है। पानी का कैंपर दे रहे हैं, लेकिन लोटा, गिलास नहीं दे रहे है। साफ-सफाई को लेकर शिकायत के बावजूद भी सुधार नहीं हो रहा है। गत दिनों खाने की क्वालिटी को लेकर वीडियो भी मरीजों ने वायरल किए थे, जिसके बाद प्रशासन की ओर से दावा किया जा रहा है कि अब खाना सही दिया जा रहा है।
बालोतरा: कोविड सेंटर में अधिकारियों पर भड़के केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी
सिवांची मालाणी तेरापंथ भवन व नाकोड़ाजी में संचालित दोनों क्वारेंटाइन सेंटरों का सोमवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने औचक निरीक्षण किया, जहां अव्यवस्थाओं लेकर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। चौधरी को कोविड सेंटर के लोगों ने शिकायत की थी कि उन्हें घटिया क्वालिटी का खाना दिया जा रहा है, वे उसे खा भी नहीं पा रहे हैं।
नाकोड़ा में संचालित सेंटर में जब केंद्रीय मंत्री ने लोगों से पूछताछ की तो लोगों ने लगभग 2 दिन से कच्ची और जली हुई रोटी आने की शिकायत की। वहीं खाने में सब्जी चेंज नहीं करने की बात कही। इस पर केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाएं सही करने के निर्देश दिए।
कोविड सेंटरों में अव्यवस्थाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज पूरा विश्व कोरोना महामारी से जूझ रहा है। इस विकट परिस्थिति में सरकार के साथ आमजन की भी राष्ट्रहित में सहयोग करने की जिम्मेदारी बनती है। देश के लाखों लोगों ने विभिन्न सहायता कोष में सहयोग कर राष्ट्रहित में कदम बढ़ाया है। चौधरी ने इस दौरान जिला प्रशासन से बात कर जिले के कोविड सेंटर्स पर समुचित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें