यात्रीगण ध्यान दें... यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। अब आपको बसों के समय के आने और जाने के समय की सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पूछताछ केंद्र से ही बस के संबंधित कस्बे, शहर और तहसील आदि में पहुंचने के बारे में पता कर सकेंगे। साथ ही बस के रास्ते में विलंब होने का कारण भी पता चल सकेगा।वहीं जिले में बिना परमिट के चल रही बसों के खिलाफ कार्रवाई होगी। राजस्थान रोडवेज के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक नवीन जैन ने सभी आगारों के मुख्य प्रबन्धकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग कर इस बारे में निर्देश दिए।
इस दौरान आय प्रति किमी, चालक-परिचालकों के बकाया साप्ताहिक विश्राम, बकाया पेंशन प्रकरण एवं सीपीएफ व जीपीएफ के खाते पूर्ण करने के सम्बन्ध में समीक्षा की। भरतपुर आगार के मुख्य प्रबंधक मनोज कुमार बंसल ने बताया कि गुरुवार को एमडी नवीन जैन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए डिपो व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त बनाने के निर्देश दिए। जैन ने निर्देश दिए कि मुख्य प्रबन्धक व आगार के अन्य प्रबन्धक रोजाना सायंकाल बैठक कर संचालित की जा रही बसों की प्राप्त हो रही आय की समीक्षा करेंगे।
एमडी ने बताया कि मुख्यालय में इस प्रकार की शिकायतें आती रहती हैं कि पूछताछ केंद्र पर तैनात कर्मचारी लगा तो दिए हैं, लेकिन वे होते नहीं है या फिर सही से जानकारी यात्रियों को नहीं देते हैं। बहुत सारी जगह विलम्ब से आने वाली बसों की सूचना नहीं दी जाती है इसलिए सभी बस स्टैंडों पर पूछताछ कक्ष से बसों के आवागमन की उद्घोषणा कर यात्रियों को सूचित करने की पुख्ता व्यवस्था की जावें। सभी मुख्य प्रबन्धक अपने क्षेत्र में संचालित अवैध निजी बसों पर कार्रवाई करने के लिए डीटीओ-आरटीओ को पत्र लिखकर सूचित करेंगे। इसकी सूचना मुख्यालय पर भी नियमित रूप से देने के निर्देश दिए हैं। वित्त प्रबन्धकों को सख्त हिदायत दी कि सभी कर्मचारियों के सीपीएफ व जीपीएफ खाते आगामी 15 दिनों में पूर्ण कर मुख्यालय को सूचित करेंगे।
अब पूछताछ केंद्र पर यह रहेगी व्यवस्था
चीफ मैनेजर मनोज बंसल ने बताया कि एमडी के निर्देश के बाद पूछताछ केंद्र पर व्यवस्थाओं में परिवर्तन किया जा रहा है। अब रूट वाइज बसों के आवागमन का समय, चालक-परिचालक का नाम, नंबर आदि दर्ज किए जाएंगे। साथ ही पूछताछ केंद्र पर तैनात कर्मचारी को संबंधित कस्बा, गांव आदि तक बस के पहुंचने के संभावित टाइमिंग भी रजिस्टर में अंकित करनी होगी, जिससे कि यदि कोई व्यक्ति नदबई, डहरा मोड अथवा झील का बाड़ा से पूछताछ केंद्र पर फोन करके पूछना चाहे कि बस कितने बजे पहुंचेगी तो कर्मचारी आसानी से बता दे।
इसके अलावा यदि बस रास्ते में कहीं खराब होती है तो इस संबंध में पूछताछ केंद्र पर सूचना उपलब्ध कराई जाएगी ताकि यात्रियों को अवगत कराया जा सके। वीसी में लोहागढ़ और भरतपुर आगार में जीपीएफ और पीपीएफ प्रकरणों के निस्तारण और बसों में चैकिंग की कार्रवाई पर एमडी ने संतुष्टि जताई।
लॉकडाउन में ड्यूटी में लापरवाही पर तीन परिचालकों के ट्रांसफर
रोडवेज ने लॉकडाउन के दौरान काम में लापरवाही करने वाले चालक-परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को मुख्यालय की ओर से जारी आदेशों में लोहागढ़ आगार के परिचालक अशोक शर्मा और राजेश योगी का स्थानांतरण अलवर और अजमेर किया गया है। वहीं धौलपुर के परिचालक जितेंद्र परमार को बूंदी भेजा है।
कोरोनाकाल में श्रेष्ठ कार्य करने वाले कर्मी होंगे सम्मानित
रोडवेज ने कोरोना संक्रमण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। लोहागढ़ आगार के प्रबंधक वित्त महेश गुप्ता ने बताया कि इन दोनों कर्मचारियों को 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित किए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कोई भी विभागीय जांच न चल रही हो अथवा दंडित न किया गया हो।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें