अंथड़ा गांव के पास पुलिया पर एक बाइक के साथ 22 वर्षीय युवक रायता निवासी देवराज गुर्जर पुत्र सीताराम का शव सोमवार को पड़ा मिला। सूचना पर सीआई रमेश तिवारी जाब्ते के साथ पहुंचे और जांच शुरू की। प्रथमदृष्टया पुलिस ने बाइक के फिसलने के बाद बाइक सवार के घटनास्थल पर पड़े रहने, लगातार खून बहने से मौत होने की बात कही है। सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार युवक अंथड़ा वाइन शॉप पर सेल्समैन का काम करता था। रविवार रात एक परिचित के यहां खाना खाकर बाइक से अपने दोस्त के पास गांव बावड़ी खेड़ा जा रहा था। रात साढ़े 11 बजे अंतिम बार देवराज ने अपने दोस्त से बात कर बताया कि बाइक में पेट्रोल कम है तो मुझे लेने नमाना रोड तक आ जाना। इसके बाद घटना घटित हो गई।
देवराज सुबह 6 बजे तक घटनास्थल पर पड़ा रहा। किसी राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शरीर पर रगड़ के निशान होने के कारण प्रथमदृष्टया पुलिस ने मामले को सड़क दुर्घटना मानते हुए मर्ग की कार्रवाई दर्ज कर शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया।
सूचना पर डीएसपी दीपक गर्ग मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। डीएसपी ने पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर से बात की और घटना की तहकीकात की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक तथ्य जुटाए और जांच की। परिजनों को सड़क हादसा होने की घटना पर विश्वास नहीं हो रहा था। मृतक के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से घटना की बारीकी से जांच करने की मांग की है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम छा गया। गुर्जर समाज के कई लोग अस्पताल पहुंचे और घटना पर दुख जताया।
सुनसान सड़क पर नहीं मिली राहत
आधी रात को हुए इस हादसे के बाद देवराज घायल अवस्था में सुबह 6 बजे तक मौके पर पड़ा रहा। जहां उसका काफी खून बह चुका था। इस दौरान यदि कोई राहगीर वहां से गुजरते हुए उसे देख लेता और घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचा देता तो शायद उसकी जान नहीं जाती।
घर का इकलौता पालनहार था
5 वर्ष पूर्व पिता की मौत के बाद घर की आजीविका चलाने का भार देवराज गुर्जर पर ही था। मृतक की मां पालनहार बेटे को खोकर बेसुध हो गई। बेटे की मौत के कारणों की बारीकी से जांच की मांग दोहराई।
^ घटना के मामले में सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद विसरा लेकर जांच के लिए लेबोरेट्री भिजवाया गया है। घटनास्थल के निरीक्षण के अनुसार प्रथमदृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का सामने आया है।
रमेश तिवारी, सीआई, तालेड़ा
काश... दोस्त का कहा माना होता
देवराज ने घटना से पहले जब दोस्त को फोन किया तो दोस्त ने कहा कि अगर बाइक मिस्टेक कर रही है तो आना कैंसिल कर दो। उसके बाद देवराज की उसके दोस्त से बात नहीं हो सकी। घटना के बाद देवराज का फोन बंद आया तो दोस्तों ने सोचा शायद वह नहीं आ रहा होगा, इसलिए वह भी मृतक को तलाशने नहीं आ सके।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें