थर्मल गेट के पास एक राख के कंटेनर में तीन दिन पुराना शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की दोनों आंखें फूटी हुई है और चेहरे पर चोट के निशान हैं। मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने मौत को संदिग्ध मानते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। कुन्हाड़ी सीआई गंगासहाय शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह थर्मल गेट के पास एक राख के कंटेनर की ड्राइवर सीट के पास एक व्यक्ति के शव होने की सूचना मिली।

जिस पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां थर्मल में राख के टैंकर के केबिन में युवक का शव पड़ा हुआ था। जिसकी दोनों आंखें फूटी हुई थीं और चेहरे पर चोट के निशान थे। मृतक युवक की पहचान बूंदी जिले के नीम का खेड़ा देवपुरा गांव निवासी राकेश गुर्जर पुत्र राम रतन गुर्जर उम्र 27 के रूप में हुई है। मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि युवक थर्मल से राख का कंटेनर कोटा से चित्तौड़ मार्ग पर चलाता था। मृतक युवक के दो बेटे हैं। परिजनों ने युवक के शव को देखने के बाद हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिजन तलाश करते हुए पहुंचे शव तक
सीआई गंगासहाय शर्मा ने बताया कि हमें परिजनों ने ही वहां पर शव होने की सूचना दी थी। शव तीन दिन पुराना लग रहा है। परिजन युवक को फोन लगा रहे थे और वो फोन नहीं उठा रहा था। जिस पर वो खुद उसे तलाशते हुए उसके ट्रक तक पहुंचे, जहां उन्हें युवक का शव मिला। जिस जगह शव मिला, वहां अक्सर 10-20 ट्रक, कंटेनर थर्मल की राख भरने के लिए खड़े रहते हैं। जिसका नंबर आता है, वो चला जाता है।

पुलिस बोली- मामला हत्या का नहीं लग रहा
सीआई गंगासहाय शर्मा का कहना है कि उक्त मामले में पुलिस ने फिलहाल धारा 174 में मृत्यु को संदिग्ध मानकर जांच शुरू की है। इसे हत्या नहीं कहा जा सकता है। जो आंखें फूटी लग रही है, वो मृत्यु के बाद आंखें खराब होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम करवाया गया है, रिपोर्ट आने पर अगर संदेह हुआ तो हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई शक या संदेह नहीं जताया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top