अमृत योजना में पानी देने में देरी पर देरी हो रही है। इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पीएचईडी एसई का घेराव कर प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय जैन ताऊ के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता पीएचईडी एसई के पास पहुंचे। यहां उनसे अमृत योजना के तहत शहर को पेयजल कब तक उपलब्ध हो पाएगा, इसका जवाब मांगने लगे, लेकिन एसई इसका जवाब नहीं दे पाए।
इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता पानी के लिए परेशान हो रही है और अधिकारी यहां एसी की ठंडी हवा में बैठे हैं। लोग कई किमी दूर चलकर पानी लाने को मजबूर हैं, जबकि अमृत योजना का काम तय समय पूरा हो जाने के डेढ़ साल बाद भी नहीं हो पाया है। इसमें अब कितनी देर और लगनी है, यह भी अधिकारी नहीं बता पा रहे हैं।
पीएचईडी एसई राकेश कुमार बोलने लगे तो जिलाध्यक्ष ने उनसे कहा कि आपकी हम कोई बात नहीं सुन सकते हैं, क्योंकि आप बोलने के हकदार नहीं हैं। इस तरह से जनसुविधाओं को लेटलतीफी से पूरा करोगे तो कैसे काम चलेगा।
एसई बोले-20 जुलाई तक 81 किमी पाइप लाइन चालू करेंगे
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अप्रैल 2019 में ही अमृत योजना से शहर को पानी मिल जाना चाहिए था, लेकिन दो गर्मियां बीत जाने के बाद भी अभी तक लोग पानी को तरस रहे हैं। ऐसे में जनता की इस बड़ी परेशानी का हल अधिकारी कब तक कर पाएंगे, यह बताया जाए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि 2017 में 73 करोड़ रुपए की लागत से अमृत योजना का काम शुरू हुआ जो 24 अप्रैल 2019 को पूरा होना था, लेकिन अभी तक केवल 102 किमी ही पाइप लाइन डल पाई है।
छह टंकियों का निर्माण भी यहां हो चुका है, लेकिन वह भरी नहीं जा रही हैं। लगभग डेढ़ घंटे के प्रदर्शन के बाद एसई ने 20 जुलाई तक 81 किमी पाइप लाइन चालू करने की बात कही। शेष 70 किमी पाइप लाइन को 3 माह में पूरा करने का वादा किया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता वहां से लौटे।
इस मौके पर जिला महामंत्री संजय वर्मा, राजेश शर्मा, दिलीप प्रजपपति, संजय शुक्ला, जयदीप सिंह झाला, चंद्रमोहन धाभाई, पार्षद कमल कश्यप, जितेंद्र कश्यप, राजेंद्र सुमन, हेमंत सेन, नंदलाल राठौर, विवेक दुबे, अवनिंद्र व्यास,अनूप गौतम सहित अन्य मौजूद रहे।
हाउसिंग बोर्ड में आधा किमी दूर से पानी ला रहे लोग, एसई ने भी स्वीकार किया
शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यहां लोगों को आधा किमी दूर से पानी लाना पड़ रहा है। हालांकि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जब इस बात को अधिकारियों के सामने रखा तो एसई ने माना कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पेयजल समस्या है। इसको भी हल करवाया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें