शहर में गुरुवार काे 140 काेराेना पाॅजिटिव मिले, एक दिन बाद फिर एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हुई। वहीं 144 मरीजों को स्वस्थ हाेने पर डिस्चार्ज भी किया गया। गुरुवार को 2,243 टेस्टिंग में 140 पॉजिटिव के साथ पॉजिटिविटी दर 6.24 % हो गई। प्रशासन ने बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दो दिन लॉकडाउन की घाेषणा की है।
संक्रमण की दर अगस्त के पहले दो दिन में 5 %, तीसरे दिन 10 %, पांचवे दिन 7% और छठे दिन फिर 6% रही। पिछले छह दिन में संक्रमण दर 5% से अधिक ही रही। इस बीच बिलाड़ा निवासी मांगीलाल की काेराेना के चलते माैत हाे गई।
मांगीलाल अस्थमा पीड़ित भी थे
बिलाड़ा निवासी मांगीलाल (44) को तीन-चार दिन से खांसी-जुकाम था। वे अस्थमा से पीड़ित भी थे। 4 अगस्त को बिलाड़ा में उनका कोरोना टेस्ट करवाया गया। इसके बाद वे घर पर थे। गुरुवार सुबह अचानक तबीयत खराब हुई तो बिलाड़ा ट्राेमा सेंटर लेकर आए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके कुछ देर बाद ही कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आई।
77.61% रिकवरी के बाद भी लॉकडाउन, 17 सेवाओं को छूट रहेगी
शहर में इस शनिवार-रविवार लॉकडाउन रहेगा। कलेक्टर का कहना है कि आगे स्थिति का आकलन करने के बाद निर्णय किया जाएगा। जबकि जाेधपुर में पॉजिटिव मरीजों की रिकवरी दर 77.61% है। 5 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ हाेकर डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। एक्टिव केस भी बुधवार तक केवल 1575 ही थे।
जोधपुर में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा भले ही प्रदेश में सर्वाधिक हो, लेकिन रिकवरी दर भी सबसे अच्छी है। यही नहीं सर्वाधिक संक्रमित मरीजों के बाद भी मौत का प्रतिशत महज 1.4% है। ऐसे में लॉकडाउन काे लेकर लाेगाें की मिश्रित प्रतिक्रिया है। लॉकडाउन से प्रशासन संक्रमण पर काबू पाने की काेशिश में है। जबकि कोरोना संक्रमण अब कम्युनिटी स्तर पर फैल चुका है।
01. पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, सरकारी अफसर व कार्मिक जो ड्यूटी पर हैं।
02. चिकित्सा एवं पैरा मेडिकल स्टाफ, सरकारी व निजी।
03. यातायात सेवाओं से संबंधित केंद्र, राज्य सरकार के विभाग, स्वायत्तशासी निकाय, रेलवे, एयरपोर्ट कार्मिक, आईटी कंपनियों का स्टाफ।
04. औद्योगिक इकाइयां।
05. आपातकालीन स्थिति या चिकित्सा में कोई भी व्यक्ति।
06. दवा की दुकानों के स्टाफ।
07. एनएच व राज्यमार्गों पर।
08. एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड से घर व गंतव्य तक जाने परिवहन साधनों से आवागमन।
09. ट्रक, मालवाहक वाहन जो खाली या भरे हुए हों।
10. ट्रांसपोर्ट व्यवसाय व गोदाम।
11. प्रेस, मीडिया कार्यालय, मीडियाकर्मी व हॉकर्स (अखबार वितरण करने वाले)।
12. बैंक व एटीएम।
13. डेयरी व दूध वितरण केंद्र।
14. पेट्रोल पंप व एलपीजी आउटलेट।
15. फल सब्जी मंडी रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक कार्यरत या खुली रहेगी।
16. अनिवार्य सेवाएं, पानी सप्लाई, बिजली आपूर्ति, टेलीफोन सर्विसेज के कार्मिक व अफसर।
17. गैस सिलेंडर, खाद्य सामग्री, दवाइयों की होम डिलीवरी से संबंधित।
अस्पताल में लिखाया गलत पता...और जोधपुर में जुड़ गईं 2 मौतें
कोरोना से 106 मौत हो चुकी हैं। विभाग 4 को कोरोना की मौत में शामिल नहीं कर रहा है। इससे सरकारी आंकड़ों में 102 मौत है। 4 अगस्त को दो कोरोना संक्रमितों की मौत जोधपुर में दिखाई गई। बाद मेंं जांच में पता चला कि 1 बालोतरा व दूसरी जालोर की मौत हुई।
4 अगस्त को एमजीएच में किशनीदेवी के टिकट पर सुंदर कॉम्प्लेक्स जोधपुर लिखे होने सेे गफलत हुई, जबकि वे बालोतरा निवासी थीं। वहीं दूसरी मौत सीता पुरोहित के परिजनों के नौरवा जोधपुर लिखाने के चलते वह भी जोधपुर में जुड़ी, जबकि वे आहोर तहसील निवासी थीं।
जेल में 5 बंदी संक्रमित, एक रिपोर्ट आने से पहले छूटकर निकला
जेल में नए बंदियों के लिए बनाए विशेष क्वारेंटाइन वार्ड (महिला जेल) में रखे 5 बंदी पॉजिटिव मिले। इनमें से 1 रिपोर्ट आने से पहले ही जेल से छूट चुका था। इसकी स्थानीय डिप्टी सीएमएचओ व ओसियां पुलिस को सूचना दी है। जेल अधीक्षक कैलाश त्रिवेदी ने 4 पॉजिटिव को एमजीएच के बंदी वार्ड में भर्ती कराया है। त्रिवेदी के अनुसार नए बंदियों को क्वारेंटाइन वार्ड से मुख्य जेल में शिफ्ट करने से पहले 18 दिन तक वहां रहने के बाद दुबारा जांच करवाई जाती है। इसकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही संबंधित को शिफ्ट करते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें