कोटा में कोरोना संक्रमण को लेकर हालात दिनोंदिन बदतर होते जा रहे हैं। जैसे-जैसे मरीजों का आंकड़ा बढ़ रहा है, चिकित्सा विभाग के इंतजाम भी जवाब देने लगे हैं। नया अस्पताल लगभग फुल है, आईसीयू में तो एक भी बेड खाली नहीं है। कोटा में मंगलवार को भी 146 नए कोरोना संक्रमित मरीज आए और एक मरीज की मौत हो गई। सुबह 84 अाैर शाम काे 62 मरीज मिले। जिले में अब कुल 2316 मरीज हाे गए हैं। वहीं 43 मरीजाें की जान जा चुकी है। किशोरपुरा निवासी 50 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत की पुष्टि हुई। मौत के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। वहीं, नए मरीजाें में रामपुरा हॉस्पिटल से एक डॉक्टर भी शामिल हैं। यहां से पहले भी एक सर्जन संक्रमित मिली थी।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि महावीर नगर थर्ड, आरकेपुरम, सरस्वती कॉलोनी, संजय नगर, गुमानपुरा, चित्रेश नगर बोरखेड़ा, पत्रकार कॉलोनी महावीर नगर, बसंत विहार, रामपुरा कोतवाली, विज्ञान नगर, श्रीपुरा, बोरखेड़ा, गंदीजी की पुल, कैथूनीपोल, सांगोद, खेड़ली फाटक, विज्ञान नगर विस्तार, सरस्वती कॉलोनी, खेड़ली फाटक बालाजी टाउन, जमाल चौक, पुरानी सब्जीमंडी, कैथून, महावीर नगर, छावनी रामचंद्रपुरा, शिवदास घाट की गली रामपुरा, इंद्र विहार आदि इलाकों से केस रिपोर्ट हुए हैं।

कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग : चौथी जांच में पॉजिटिव मिला डॉक्टर

इटावा सीएससी के एक डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव आए हैं। वह कोटा में श्रीनाथपुरम में रहते हैं। उनकी पत्नी बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं जो 3 दिन पहले पॉजिटिव आई थी। उन्हें होम क्वारेंटाइन किया हुआ है। सुल्तानपुर सीएचसी पर तैनात एक डॉक्टर भी पाॅजिटिव मिले हैं, जो श्रीनाथपुरम में रहते हैं। पिछले दिनों ही वह मेडिकल कॉलेज में पीजी करने के लिए रिलीज हुए थे। तलवंडी के एक डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव आए हैं। वहीं कुछ दिन पहले संक्रमित हुए एक डाॅक्टर चाैथी बार की जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं।
सरकारी अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ भी पॉजिटिव : जेकेलोन अस्पताल का सेकंड ग्रेड नर्सिंग स्टाफ भी पॉजिटिव आया है। झालावाड़ राेड के हाेलसेल स्टाेर पर काम करने वाला केशवपुरा बालाकुंड निवासी एक युवक भी संक्रमित मिला है। रंगबाड़ी निवासी एक महिला कोरोना पॉजिटिव आई है। नयापुरा थाने में तैनात पुलिसकर्मी का बेटा कोरोना पॉजिटिव आया है। रामपुरा निवासी एक किशोरी कोरोना पॉजिटिव है। पूर्व में उसके पिता कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
वनरक्षक भी चपेट में : बजरंग नगर निवासी कोटा नया गांव चौकी पर तैनात वनरक्षक कोरोना पॉजिटिव आया है। पूर्व में उनका दोस्त पॉजिटिव आया था।

कार्यकर्ता पॉजिटिव, अयोध्या के रास्ते से लौटे दिलावर: श्रीराम मंदिर भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या जा रहे भाजपा के प्रदेश महामंत्री और रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर काे वापस लाैटना पड़ा है, अाैर उन्हाेंने खुद काे क्वारेंटाइन कर लिया है। असल में उनके साथ बारां से एक वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता भी गए थे, उनकी रिपोर्ट आज सुबह पॉजिटिव आई। इस पर सभी वापस लौट गए हैं। दिलावर ने बताया कि सोमवार को अपने साथी कार्यकर्ताओं के साथ सड़क मार्ग से अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। रवाना होने से पहले उन्होंने अयोध्या जाने वाले सभी कार्यकर्ताओं का कोरोना टेस्ट अपने घर पर ही करवाया था। मंगलवार को दिलावर अयोध्या की प्रशासनिक सीमा में प्रवेश करने ही वाले थे। तभी उन्हें मोबाइल पर जांच रिपोर्ट मिली, जिसमें बारां निवासी एक कार्यकर्ता पॉजिटिव निकला। इसके बाद उन्होंने अयोध्या जाने का निर्णय बदलकर क्वारेंटाइन होने का फैसला कर लिया है। दिलावर ने बताया कि वे कोटा के चिकित्सकों से संपर्क में हैं और उनके परामर्श से ही क्वारेंटाइन में रहेंगे।

यूआईटी के एसई मिले संक्रमित

काेराेना अब सरकारी अाॅफिसाें तक भी पहुंच चुका है। साेमवार काे यूअाईटी के जलदाय विंग के एसई के पाॅजिटिव अाने के बाद से ही वहां हड़कंप मचा हुअा है। उनके संपर्क में कई अधिकारी व कर्मचारी अाए थे। एेसे में मंगलवार काे यूअाईटी अाॅफिस बंद कर दिया गया। पूरा अाॅफिस सेनेटाइज कर 10 अधिकारियाें व कर्मचारियाें की सैंपलिंग करवाई गई। यूअार्ईटी सचिव ने बताया कि बुधवार काे यूअाईटी अाॅफिस खाेला जाएगा। यूअाईटी में तैनात इन अधिकारी की तबीयत 4-5 दिन से खराब चल रही थी। उसके पहले ये अाॅफिस भी अाए थे। जब तबीयत में सुधार नहीं हुअा ताे काेराेना की जांच करवाई, जो पाॅजिटिव अाई। इसके बाद यूअाईटी सचिव राजेंद्र सिंह ने अाॅफिस बंद करने तथा संपर्क में अाए कर्मचारियाें काे जांच करवाने काे कहा। मंगलवार काे अाॅफिस में किसी काे प्रवेश नहीं करने दिया गया। पूरा अाॅफिस सेनेटाइज किया गया। उसके बाद जाे-जाे उनके संपर्क में अाए थे उन 10 अधिकारियाें व कर्मचारियाें काे दाेपहर 12 बजे यूअाईटी बुलाया गया और सैंपलिंग की गई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top