(महेश शर्मा) शहर के सबसे बड़े पार्किंग प्रोजेक्ट की नींव लगने को है। रामनिवास बाग में 100 करोड़ की लागत वाले पार्किंग प्रोजेक्ट के लिए जेडीए इसी सप्ताह टेंडर लगाने की तैयारी कर रहा है। इससे पहले बाग में प्रोजेक्ट शुरू करने को लेकर कानूनी राय-मशविरा कर लिया गया है। वहीं टेंडर से पहले स्मार्ट सिटी की ओर से भी 94.95 करोड़ की प्रशासनिक, वित्तीय और तकनीकी स्वीकृति जारी कर दी गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी करने के बाद रामनिवास बाग में दो मंजिला भूमिगत पार्किंग का निर्माण 30 महीने यानी इसी सरकार के कार्यकाल में किया जाना है। इससे पहले पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही फेज-1 पार्किंग का काम किया गया था। अब फेज-2 के तहत मुख्यमंत्री की बजट घोषणा 2020-21 में 1500 गाड़ियों की पार्किंग के प्रोजेक्ट को शामिल किया गया है। योजना के मुताबिक नई पुरानी पार्किंग को इंटरकनेक्ट किया जाएगा। इसके बाद यह 2400 गाड़ियों की विशाल पार्किंग होगी।
परियोजना के तहत बाग में दो जगहों पर काम
- यूनियन फुटबॉल ग्राउंड और रविंद्र मंच के सामने वाले मैदान पर स्थित पार्किंग तैयार होगी।
- पार्किंग के लिए जरूरी स्वीकृतियां ली जा चुकी है। परियोजना का निर्माण कुल 49,680 वर्गमीटर क्षेत्रफल रहेगा।
पार्किंग के साथ ही चारदीवारी को नो-पार्किंग करना जरूरी, नहीं तो 100 करोड़ से गैराज ही तैयार करेंगे
- रामनिवास बाग में 915 गाड़ियों की पार्किंग का उपयोग नहीं हो पा रहा।
- यहां औसतन 200-250 के आसपास ही रोजाना की पार्किंग रहती है।
स्थानीय लोग गैराज के तौर पर पास बनाकर इसका उपयोग कर रहे हैं। क्योंकि चारदीवारी का कोई बाजार नो-पार्किंग नहीं बन पाया, वहीं रविंद्र मंच और सामने रामलीला मैदान में सरफेस पार्किंग है, जो ज्यादा सहूलियत वाली है। ऐसे हालात में नया पार्किंग प्रोजेक्ट तब ही सफल होगा, जब वॉलसिटी को नो-पार्किंग बनाने की दिशा में पहल नहीं हो। ऐसा नहीं होने पर पूरे 100 करोड़ की बर्बादी तय है।
पार्किंग ही चारदीवारी और टूरिस्ट को ध्यान में रखकर
चारदीवारी में भारी व्यावसायिक व पर्यटन गतिविधियां बढ़ने के चलते दिनभर ट्रैफिक जाम के हालात रहते हैं। मुख्य बाजार में कहीं पर्याप्त जगह नहीं, जहां चौपहिया वाहनों की पार्किंग की जा सके। इसके चलते स्मार्ट सिटी लि. द्वारा वित्त पोषित रामनिवास बाग में दो मंजिला भूमिगत पार्किंग (फेज-2) का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें वर्किंग एजेंसी जेडीए है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें