(डीडी वैष्णव) कोरोना काल के दौरान केंद्र सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को मिलने वाली राहत पर धीरे से वार कर घरेलू गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी अघोषित तौर पर बंद कर दी। इसके लिए पिछले तीन-चार माह से घरेलू श्रेणी के 14.2 किलो के गैस सिलेंडर की मार्केट दर और सब्सिडी दर बराबर कर दी है। जुलाई व अगस्त में दोनों रेट 601 रुपए प्रति सिलेंडर थी, ऐसे में उपभोक्ताओं से सीधे 601 रुपए वसूले गए थे। इसमें सब्सिडी की राशि जब बची ही नहीं तो उपभोक्ता को उसके बैंक खाते में कैसे मिलेगी? इससे पहले के महीनों में भी सब्सिडी की राशि इतनी कम थी कि खातों में डाली ही नहीं गई। इसकी शुरुआत छह माह पहले से हुई जब सिलेंडर के कैश मेमो पर सब्सिडी की राशि लिखना ही बंद कर दिया।

अप्रैल में मिली थी 160 रुपए सब्सिडी
शहर में 25 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास 3.50 लाख से ज्यादा घरेलू श्रेणी उपभोक्ता हैं। इनमें से 3 लाख से ज्यादा ऐसे हैं, जिनके बैंक खातों में सीधे ही गैस सब्सिडी जा रही थी। यूपीए 2 के समय से सब्सिडी जमा होने के निर्णय होने के बाद से लगातार सब्सिडी मिल रही थी। अप्रैल में 160 रुपए सब्सिडी के मिले थे। उस समय सिलेंडर की मार्केट दर 747 रुपए थी और सब्सिडी 587 थी। फिर लगातार कीमतें बढ़ती गईं। पेट्रोलियम मंत्रालय ने 3 माह में मार्केट रेट व सब्सिडी दी बराबर कर अघोषित तौर पर इसे बंद कर दिया।

डिस्ट्रीब्यूटर-ग्राहकों को पता नहीं चला
सरकार ने सब्सिडी बंद करने का काम चालाकी से किया। इसे बंद करने की कोई अधिकारिक घोषणा अभी तक पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से नहीं की गई। डिस्ट्रीब्यूटर्स को सिस्टम पर सब्सिडी की राशि दिखना ही बंद हो गई है। लॉकडाउन के कारण पहले तो उपभोक्ताओं को इसका पता ही नहीं चला। इसके चलते वे डिस्ट्रीब्यूटर्स से इस बारे में जानकारी नहीं ले सके। अब अनलॉक शुरू होने के बाद पता चल रहा है, वे डिस्ट्रीब्यूटर्स से पूछ रहे है, लेकिन उनके पास भी इसका कोई जवाब नहीं है।

गैस सिलेंडर पर सब्सिडी देना, कितनी देना इसमें डीलर का कोई रोल नहीं है। ये सीधे ही सरकार के स्तर पर तय होता है। डीलर तो देखकर बता सकता है कि कितनी सब्सिडी खाते में जा रही है, लेकिन पिछले तीन माह से उपभोक्ताओं के खातों में सब्सिडी ही नहीं मिल रही है। कारण कि सिलेंडर की मार्केट रेट व सब्सिडी रेट बराबर हो गई है। - दीपक सिंह गहलोत, अध्यक्ष, एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन ऑफ राजस्थान

घरेलू गैस सिलेंडर पर सब्सिडी बंद करने का सरकार या पेट्रोलियम मंत्रालय के स्तर पर किसी तरह का निर्णय नहीं हुआ है। तब तक ये नहीं कह सकते हैं कि सब्सिडी बंद कर दी गई है। पिछले दो-तीन माह से गैस उपभोक्ताओं को सब्सिडी नहीं मिल रही है। - निकुंज कुमार शुक्ला, डीजीएम, एचपीसीएल, जोधपुर

सिलेंडर की मार्केट रेट और सब्सिडी रेट एक समान हो गई है, ऐसे में सब्सिडी कैसे मिलेगी? पिछले तीन महीने से दोनों की रेट एक समान होने से सब्सिडी जीरो हो गई है। ऐसे में उपभोक्ता के खाते में ये जमा नहीं हो सकी है। - स्वर्ण सिंह, चीफ एरिया मैनेजर, आईओसी, जोधपुर




Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
3.50 lakh domestic gas consumers of 25 LPG gas agencies in the city are not getting subsidy since April
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top