शहर में कोरोना से बढ़ती मौतें अब दहशत में डालने लगी है। मंगलवार को एक ही दिन में 5 और संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। अगस्त के 11 दिनों में 21 मौत हो गई। इसके साथ ही कुल मौतों का आंकड़ा 121 पहुंच गया। कुल मौतों की 17.98% इस माह में हाे चुकी है।

हालांकि शहर में कोरोना की मृत्युदर 1.47% ही है, जाेकि जयपुर सहित देश के कई संक्रमित शहरों से बेहद कम है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से इसमें हो रही बढ़ोतरी चिंताजनक है। इधर, जिला प्रशासन की ओर से बढ़ती मौतों को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयास कागजों में ही नजर आ रहे हैं।

मंगलवार को 95 रोगियों को डिस्चार्ज भी किया गया। इनमें 5 को मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों व 90 को होम आइसोलेशन से छुट्‌टी मिली। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 8221 पहुंच गया। अच्छी बात यह है कि रिकवरी रेट बढ़कर फिर 80.28% पहुंच गई है। अब तक 6600 रोगी ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केस 1504 बचे हैं।

पहले भाई पॉजिटिव आए, फिर दो दिन पहले ओझा काे आया था बुखार
मंगलवार को 2142 सैंपल की जांच में 5.98% यानी 128 नए रोगी मिले। इनमें पूर्व महापौर घनश्याम ओझा सहित उनके 10 परिजन भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सबसे पहले उनके भाई पाॅजिटिव पाए गए थे। रक्षाबंधन पर ओझा का पूरा परिवार उनके संपर्क में आया था। दो दिन पहले ओझा को भी बुखार आया तो पूरे परिवार ने जांच करवाई।

जिसमें ओझा सहित परिवार के 10 सदस्य संक्रमित पाए गए। केवल एक 7 वर्षीय पौती निगेटिव आई है। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। बुधवार को ओझा का जन्मदिन भी है। ऐसे उन्होंने ट्वीट कर समर्थकों से घर पर ही रहने और संपर्क में आए लोगों से जांच करवाने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि कोरोनाकाल में ओझा जरूरतमंदों की सेवा के लिए राहत कार्यों में जुटे हुए थे।

चार महिलाएं और एक पुरुष की मौत

हसीना (62)

कमला नेहरू नगर बी 51 निवासी हसीना 3 अगस्त काे पाॅजिटिव पाई गई। एम्स में उपचार के दौरान मंगलवार को उनको सांस लेने में तकलीफ बढ़ गई और कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। वे डायबिटीज से भी पीड़ित थीं।
बाबू खान (50)

चौहाबो पहला पुलिया पर सोमानी कॉलेज के पास रहने वाले बाबू खान को सोमवार सुबह एमजीएच में भर्ती कर कोरोना जांच का सैंपल लिया गया। उन्हें पुरानी टीबी की शिकायत भी थी। रात 8:55 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह सैंपल पॉजिटिव आया।
बानाे (70)

ओलिंपिक सिनेमा के पीछे रहने वाली बानो को 9 अगस्त को एमजीएच में भर्ती किया। अगले दिन उनकी रिपोर्ट पाॅजिटिव आई। वे हाइपरटेंशन से भी पीड़ित थे। उपचार के दौरान मंगलवार सुबह 6:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
सुगरा बानो (61)

मसूरिया निवासी सुगरा बानो को पहले एमडीएमएच में भर्ती किया गया। कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने पर 10 अगस्त को एमजीएच रेफर किया गया। उन्हें भी हाइपरटेंशन की बीमारी थी। मंगलवार सुबह 11:20 बजे उन्होंने दम ताेड़ दिया।

प्रमिला सोनी (48)

अजय चौक निवासी प्रमिता सोनी को 10 अगस्त का एमजीएच में भर्ती किया गया। इसके 50 मिनट बाद ही दोपहर 1:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। उन्हें निमोनिया के साथ सांस लेने में भी दिक्कत थी। वे टाइप 2 लेवल की डायबिटीज से भी पीड़ित थी। उनका सैंपल मंगलवार को पॉजिटिव आया।

कुलपति को सुबह ज्ञापन देने वाला पूर्व महासचिव शाम को आया पॉजिटिव

जेएनवीयू में मंगलवार को कुलपति को सुबह ज्ञापन देने वाला छात्र संघ का पूर्व महासचिव सायं को कोरोना पॉजिटिव आ गया जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र नेताओं में हड़कंप मच गया। विश्वविद्यालय के छात्र संघ के पूर्व महासचिव ने छात्र नेताओं के साथ कुलपति प्रो. पीसी त्रिवेदी को मंगलवार सुबह करीब 11 बजे विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया था। पूर्व महासचिव शाम को 7 बजे की कोरोना जांच की रिपोर्ट में पॉजिटिव आ गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
5 more deaths, 128 new patients, 10 family members including former mayor Ojha infected
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top