करीब ढ़ाई माह के लंबे समय के बाद जिले में टिडि्डयों का आतंक करीब-करीब खत्म हो चुका है, लेकिन अब फाका किसानों व कृषि विभाग के लिए नई आफत बन गया है। जिन-जिन क्षेत्रों में टिडि्डयों ने बीते एक माह में पड़ाव डाला था, अब वहां बड़ी संख्या में फाका निकल रहा है। लाखों-करोड़ों की तादाद में जमीन पर फुदकते फाका मिनटों में फसलों को चौपट कर रहे है। ऐसे में अब कृषि विभाग भी इनके नियंत्रण के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।

सहायक निदेशक कृषि विस्तार सुरेंद्र कुमार मारू ने बताया फाका नियंत्रण के लिए अब हेलिकाॅप्टर से कीटनाशक का छिड़काव करवाने की योजना है। बुधवार को हेलिकाॅप्टर जैसलमेर से रवाना होकर बीकानेर पहुंच गया तथा बीकानेर में मौसम खराब होने के कारण चूरू नहीं पहुंच पाया। अब गुरुवार को चूरू पहुंचने पर चूरू व तारानगर में कीटनाशक का छिड़काव करवाया जाएगा। हेलिकाॅप्टर से कीटनाशक का छिड़काव करवाने से पूर्व संबंधित क्षेत्र की जीओ ट्रेकिंग करनी पड़ती है तथा क्षेत्र की लोकेशन सहित अन्य जानकारी पायलेट को देनी पड़ती है।

इसके लिए बुधवार को टिड्‌डी नियंत्रण विभाग की टीम के साथ चूरू के आसपास क्षेत्रों का सर्वे किया गया है। चूरू, तारानगर व सरदारशहर का क्षेत्र फाका से सबसे अधिक प्रभावित है, ऐसे में पहले यहां हेलिकाॅप्टर से कीटनाशक से बड़े स्तर पर नियंत्रण की कार्रवाई करवाने की योजना है। बुधवार को तारानगर में तीन ड्रोन से कीटनाशक का छिड़काव करवाया गया।

मंगलवार को जिले के पांच ब्लॉक के 56 गांवों में प्रभावित क्षेत्र 2123 हैक्टेयर में से 1728 हैक्टेयर में फाका नियंत्रण की कार्रवाई की गई। इसमें एक हजार 469 हैक्टेयर कृषि व 259 हैक्टेयर अकृषि क्षेत्र शामिल था। 710 किसानों की फसलों को नुकसान हुआ। सरदारशहर के 13, रतनगढ़ के 12, राजगढ़ व सिद्धमुख के चार, चूरू के 15 तथा तारानगर के 12 गांवों में कीटनाशक का छिड़काव किया गया।

जानिए किस तहसील क्षेत्र का कौनसा गांव हुआ प्रभावित

सरदारशहर : मेहरासर, आसपालसर, गिडगिचिया, मेलूसर, पिचकराई ताल, लोडसर, गाजूसर, अडमालसर, खेजड़ा, मालकसर, राजासर, ढाणी राणासर व शोभासर। रतनगढ़ : परसनेऊ, लादड़सर, बंडवा, बीनादेसर, गौरीसर, जालेऊ बड़ी, मेलूसर, पाबूसर, टिड़ियासर, बछरारा व खोतड़ी। राजगढ़ व सिद्धमुख : सिद्धमुख, हांसियावास, कलाल कोटड़ा व पहाड़सर। चूरू : बीनासर, चूरू की रोही, ऊंटवालिया, सहनाली बड़ी, छाजूसर, बालरासर आथुणा, खंडवा पट्‌टा चूरू, झारिया, धीरासर चारणान, जोड़ी पट्‌टा सात्यूं, ढाढर, लोहसना बड़ा, चलकोई बीकान, कानडवासी व आसलखेड़ी। तारानगर : गोमटिया बागवतान, खरतवासिया, चलकोई खीचान, साहवा, बालिया, लुणास, आनंदसिंहपुरा, चंगोई, सोमसीसर, रैयाटूंडा, ढाणी मेघासर व रागेड़ी गांव।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
चूरू. बुधवार को फाका नियंत्रण की कार्रवाई करती कृषि विभाग की टीम।
Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf

Advertisement

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
Top