जयपुर- दिल्ली नेशनल हाइवे संख्या-52 पर स्थित लबाना की अणी की तलाई में शुक्रवार को भोमियाजी मंदिर की छत गिर गई जिससे वहां काम कर रहे चार मजदूर दब गए। इन मजदूरों में से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। छत के नीचे दबी महिला सहित तीन मजदूरों को 108 एंबुलेंस से चंदवाजी के निम्स अस्पताल ले गए, जहां दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी जबकि महिला मजदूर का इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक को बाहर निकलवा कर उसके शव को निम्स की मोर्चरी में रखवा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक होटल मालिक द्वारा इस मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर मंदिर की पुरानी छत के नीचे दीवार बनाने का काम किया जा रहा था। इसे लेकर ठेकेदार ने छत के नीचे नई दीवार बनाने को लेकर यहां लगी पुरानी दीवारों को हटा दिया जिससे छत का भार पुराने कमजोर पिल्लरों पर आ गया जो छत का भार सहन नहीं कर पाए और छत भरभराकर नीचे आ गिरी। एकाएक हुई इस घटना से छत के नीचे मंदिर में निर्माण कार्य में लगे चार मजदूर संभल नहीं पाए और छत के नीचे दब गए। घटना से आसपास के लोग मौका स्थल पर दौड़ पड़े।
घायलों में से दो को छुट्टी दे दी गई
चंदवाजी थाने के पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया कि घटना में गांव जूनिया थाना केकड़ी निवासी गुड्डू उर्फ आजाद सिंह (23) पुत्र लाल सिंह बैरवा की मौके पर ही मौत हो गई। वही इस घटना में मृतक की पत्नी आशा देवी (20) तथा पिपल्या पचेवर जिला टोंक निवासी कजोड़ (20) पुत्र रिद्धकरण बैरवा व अशोक (22) पुत्र गोपाल बैरवा घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए निम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां कजोड़ और अशोक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी जबकि आशा देवी का इलाज चल रहा है।
दो जेसीबी मशीन लगाकर शुरू किया राहत कार्य
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर दो जेसीबी मशीन की सहायता से छत के नीचे दबे मजदूरों को निकालने का राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद छत के नीचे दबे तीन मजदूरों को निकाला गया तथा 108 एंबुलेंस से निम्स अस्पताल पहुंचाया। वही मंदिर के गुंबद और छत के नीचे आ जाने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई जिसे जेसीबी की सहायता से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही चंदवाजी थाने से उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार, अचरोल चौकी प्रभारी पप्पू सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवा कर निम्स स्थित मोर्चरी में रखवाया। हादसे की सूचना पर मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें