जिला एसआरजी अस्पताल में गुरुवार रात को कोविड वार्ड में नर्सिंग स्टाफ के नहीं आने से व्यवस्था बिगड़ गई, इससे मेडिकल कॉलेज के डीन आक्रोशित हो गए और रात को ही कोविड वार्ड में पहुंचकर गेट पर खड़े सिक्यूरिटी गार्ड को थप्पड़ जड़ दिए। डीन के थप्पड़ मारने और स्टाफ से धक्का-मुक्की करने का वीडियो भी वायरल हुआ है।
रात की घटना को लेकर शुक्रवार सुबह सिक्यूरिटी गार्डों ने हंगामा खड़ा कर दिया और दो घंटे तक काम का बहिष्कार कर डीन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके अलावा डीन को तुरंत प्रभाव से हटाने की मांग की।जिला एसआरजी अस्पताल में गुरुवार रात को कोविड वार्ड में किसी प्लेसमेंट नर्सिंगकर्मी की ड्यूटी थी, लेकिन वह कोरोना के डर से नहीं आया। ऐसे में केवल एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर ही एक साथ 38 मरीजों को संभालती रही।
इस दौरान रेजिडेंट ने कोविड वार्ड की बिगड़ती व्यवस्था को देखते हुए सभी को मैसेज किए, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। बाद में यह बात मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. दीपक गुप्ता के पास पहुंची। वे रात को 11 बजे जिला एसआरजी अस्पताल के कोविड वार्ड में पहुंच गए। यहां बिगड़ती व्यवस्था को देख आक्रोशित हो गए और उन्होंने नर्सिंगकर्मी का गुस्सा बाहर गेट पर खड़े सिक्यूरिटी गार्ड पर उतार दिया।
आरोप है कि उन्होंने सिक्यूरिटी गार्ड को थप्पड़ मारे और वार्ड के अंदर नर्सिंग स्टाफ से भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की। यह घटना वायरल हुए वीडियो में भी साफ दिखाई दे रही है। सिक्यूरिटी गार्ड ने यह भी आरोप लगाया कि डीन नशे में थे और गाली-गलौच कर उससे मारपीट की और बिना मास्क लगाए कोविड वार्ड में घूम कर संक्रमण फैलाने का काम किया।
सिक्यूरिटी गार्ड धनराज भील के साथ डीन के द्वारा की गई मारपीट को लेकर शुक्रवार सुबह सिक्यूरिटी गार्डों ने दो घंटे काम का बहिष्कार कर डीन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक गार्डों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी गार्ड कलेक्टर निकया गोहाएन से शिकायत कर डीन को हटाने की मांग की।
जिला एसआरजी अस्पताल में कार्यरत सिक्यूरिटी गार्ड धनराज भील ने मेडिकल कॉलेज के डीन के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है। इसे हमने कलेक्टर व उच्च अधिकारियों को भिजवाया है। वहां से स्वीकृति मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
बलवीरसिंह, सीआई, कोतवाली झालावाड़
अस्पताल के कोविड वार्ड में ड्यूटी नर्सिंगकर्मी नहीं आने पर व्यवस्था प्रभावित हुई थी, इस पर मौके पर पहुंचा था। सिक्यूरिटी गार्ड द्वारा लगाया गया नशे में मारपीट का आरोप गलत है। उसके साथ मैंने कोई मारपीट नहीं की और न ही किसी से अभद्रता की।
डॉ. दीपक गुप्ता, डीन, झालावाड़ मेडिकल कॉलेज
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें