बरधा डैम पर गुरुवार शाम को चरवाहे बाबूलाल की हुई हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया। हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह भील समाज ने करीब डेढ़ घंटे तक तालेड़ा अस्पताल में प्रदर्शन किया। इसके बाद वे शव को लेकर बूंदी पहुंचे। यहां भी करीब एक घंटे तक प्रदर्शन चला और प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई।
सूचना मिलने पर एसपी शिवराज मीणा अस्पताल के मोर्चरी कक्ष के बाहर पहुंचे और प्रदर्शन करने वालों को कार्रवाई का पूरा भरोसा दिलवाया।
इसके बाद भील समाज के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे, यहां चार मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन दिया। इससे पहले तालेड़ा में भील समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष धन्नालाल भील के नेतृत्व में लोगों ने परिजनों के साथ मिलकर हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एएसपी किशोरीलाल, डीएसपी दीपक गर्ग व थानाधिकारी महेश सिंह परिजनों को समझाते रहे।
अरबन बैंक चेयरमैन सत्येश शर्मा, चर्मेश शर्मा, देवराज गोचर, जगरूप सिंह रंधावा, समाजसेवी संदीप पुरोहित, किशनलाल बैरवा, रामलाल भील की मध्यस्थता के बाद प्रशासन के साथ हत्यारों को जल्दी गिरफ्तारी करने के मामले में सहमति बनी।
मृतक के शरीर पर चोट नहीं होने से हुई गलतफहमी
घटना होने के बाद अन्य चरवाहों की सूचना पर मृतक बाबूलाल के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए थे। मौके पर पहुंचे सीआई महेशसिंह संधू ने शव को तालेड़ा अस्पताल रवाना किया और फिर चरवाहों की सूचना के आधार पर आरोपियों की कार का पीछा करते हुए तलाश में निकल पड़े। परिजन जब शव को लेकर अस्पताल पहुंचे तो वहां पर मौजूद नर्सिंग कर्मियों ने पूछा यह क्या हुआ तो परिजन बोले हमें पता नहीं किसने मारा, कैसे मारा।
हम तो इसे डैम से लेकर आए हैं। मृतक के मुंह से खून निकलते देख नर्सिंग कर्मियों ने संभावना जताई कि इसकी मौत शायद अटैक के बाद हुई खून की उल्टी से हुई होगी। इसी दौरान वहां पर अस्पताल प्रभारी डॉ. पीसी मालव पहुंचे, जिन्होंने शव मोर्चरी में रखवाया। अस्पताल में मौके पर मौजूद एएसआई रामकरण ने परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ शुरू की।
उसी समय घटना का एकमात्र चश्मदीद घायल मनोज भील अस्पताल पहुंचा तो उसने बताया कि पार्टी करने आए नया बरधा गांव के युवकों ने पीट-पीट कर बाबूलाल की हत्या की है। डॉ. पीसी मालव के अनुसार मृतक की मौत के कारणों का खुलासा उनके द्वारा नहीं किया गया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today Via Dainik Bhaskar https://ift.tt/1PKwoAf
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें